कार्रवाई के डर से रखीं कागज की थैलियां
करौली | राजस्थानप्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भरतपुर के सहायक वैज्ञानिक अधिकारी डीपीएस मीणा ने नगर परिषद के अधिकारियों के साथ शहर में पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाया और पॉलिथीन जब्त कर कई दुकानदारों के चालान किए। इस दौरान नगर परिषद के कर्मचारियों ने दुकानों के आगे लगी टेबल-कुर्सी, टीन-टप्पर को हटाकर जब्त किया। नगर परिषद के राजप्रकाश शुक्ला ने बताया कि दुकानों पर प्रतिबंधित पॉलिथीन पाए जाने पर टीकम चंद पर 250 रुपए गणपति हरिओम गुप्ता पर 100 रुपए का जुर्माना किया। साथ ही भविष्य में पॉलिथीन का उपयोग नहीं करने को पाबंद किया। नगर परिषद की इस कार्रवाई को देख अधिकतर दुकानदारों ने दुकानों से आनन-फानन में पॉलिथीन हटा दी और कागज की थैलियां रख लीं।