पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बरसात आधे दिन भी नहीं, फिर भी सामान्य से अिधक बारिश

बरसात आधे दिन भी नहीं, फिर भी सामान्य से अिधक बारिश

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भीलवाड़ा. इस बार मानसून में कम बारिश की आशंका के बावजूद सामान्य से करीब 12 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। 15 जून से 15 सितंबर तक 92 दिनों के दौरान 40 दिन बारिश हुई वह भी 662 एमएम। यानी आधे से ज्यादा मानसून सूखा बीता फिर भी बीस वर्ष के औसत के मुकाबले 12 फीसदी ज्यादा बारिश हो गई। बीस वर्ष की बारिश का वार्षिक औसत 590 एमएम है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अभी बारिश का मामूली दौर और संभव है।

2.5 एमएम बारिश पर नो रेन डे

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मानसून के दौरान बारिश बिल्कुल नहीं होने के अलावा वह दिन भी रेन डे में नहीं गिना जाता, जिसमें औसत बारिश 2.5 एमएम हो। इस तरह से जिले में 39 दिन बारिश हुई है।

कम बारिश का था पूर्वानुमान

मौसम विभाग द्वारा मानसून से पहले फोरकास्ट की गई थी कि राजस्थान में सामान्य की तुलना में 18 फीसदी कम बारिश होगी। यानी मानसून 82 प्रतिशत रहेगा। कमोबेश मेवाड़ एवं भीलवाड़ा जिले में भी मानसून की 82 से 88 फीसदी तक की संभावना थी। यानी 480-490 एमएम बारिश की ही संभावना थी।

कितनी बारिश होती है सामान्य

बारानीकृषि अनुसंधान केंद्र के जलवायु अनुकूलित परियोजना प्रभारी एवं मौसम विशेषज्ञ अनिल कोठारी बताते हैं कि 20 वर्ष के वार्षिक वर्षा औसत के मुकाबले 95 से 105 प्रतिशत यदि बारिश है तो वह सामान्य बारिश कहलाएगी। इससे ज्यादा बारिश सामान्य से ज्यादा कहलाती है, जो कि जिले में हुई है। बारिश यदि 82 फीसदी रहती है तो उसे अत्यधिक कम बारिश वाला मानसून कहते हैं।

अगस्त में हुई ज्यादा बारिश

>1 से 15 सितंबर तक 8 दिन बारिश : 101 एमएम

> अगस्त में 14 दिन बारिश : 342 एमएम

> जुलाई में 13 दिन बारिश : 200 एमएम

> 15 से 30 जून तक 5 दिन बारिश : 19 एमएम

बिजौलिया में सर्वाधिक बारिश

जिले में सर्वाधिक बारिश बिजौलिया में 1074 एमएम हुई है। मानसून में बिजौलिया में पिछले डेढ़ दशक में कभी इतनी बारिश नहीं हुई है। इससे पूर्व बिजौलिया में वर्ष 1997 में 1075 एमएम बारिश हुई थी। यहां का वार्षिक वर्षा औसत 804 एमएम है। इसके मुकाबले दो सौ से अधिक एमएम बारिश हुई है। बिजौलिया के बाद मांडलगढ़ में सबसे अधिक बारिश 691 एमएम हुई है। सबसे कम बारिश करेड़ा तहसील में 466 एमएम बारिश हुई है।