घर वाले सोए रहे, चोर ले भागे नकदी जेवर
शहरके पास बोरड़ा गांव स्थित एक घर में गत रात चोरों ने प्रवेश किया तथा वहां से 1 लाख 35 हजार रुपए चांदी के जेवर चुरा ले गए। घटना के वक्त घर के लोग भी वहीं सो रहे थे, लेकिन उनको वारदात की भनक तक नहीं लगी। चोर पास के घर में घुसे तो खटपट से वहां सो रहे लोगों की नींद खुल गई। हल्ला मचने पर चारे भाग निकले। जिनकी ग्रामीणों ने तलाश भी की, लेकिन उनका पता नहीं चला।
बोरड़ा के लादू पुत्र मांगीलाल कुमावत के घर रात में छत के रास्ते से चोरों ने प्रवेश किया। कमरा खोला तथा वहां रखी लोहे की पेटी को उठा कर छत पर ले गए। छत पर पेटी खोलकर उसमें से एक लाख 35 हजार रुपए, दो चांदी की रंगीत, डेढ़ किलो चांदी की ढाली, अंगूठी, बिच्छियां आदि सामान चुरा लिया। उसके बाद चोर पास के ही घर में घुसे, जहां खटपट होने पर वहां सो रही वृद्धा जाग गई। जिसने हल्ला मचाया तो चोर भाग निकले। वृद्धा के चिल्लाने की आवाज सुन लादू उसके परिवार वालों की भी नींद खुल गई। देखा तो उसके घर का कमरा खुला तथा पेटी नदारद मिली। छत पर देखा तो पेटी पड़ी थी, लेकिन नकदी जेवर गायब मिले। बाद में घटना की जानकारी पुर थाने पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद लादू की रिपोर्ट पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रोजड़ेके हमले से किसान की मौत
भीलवाड़ा|जिलेके निंबाहेड़ा जाटान गांव में रोजड़े के हमले से किसान की मौत हो गई। करेड़ा पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंपा तथा मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार निंबाहेड़ा जाटान निवासी गिरधारीलाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका बेटा पप्पू (30) पुत्र गिरधारी रात में खेत पर फसल की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान उस पर रोजड़ों ने हमला कर दिया। गंभीर चोटें लगने से पप्पू की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंपा तथा जांच शुरू कर दी।