भजन संध्या में झूमे श्रोता
श्याममित्र मण्डल केकड़ी के तत्वाधान में शुक्रवार रात निर्मलेश्वर महादेव मंदिर घण्टाघर चौराहे पर श्याम भजन संध्या आयोजित की गई। भजन संध्या के दौरान भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत एक से बढ़कर एक भजनो से श्रोताओं ने देर रात्रि तक भक्तिरस का आनंद उठाया।
प्रारम्भ में आयोजक समिति के सदस्यो ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विधायक शत्रुघ्न गौतम सहित पालिकाध्यक्ष रतनलाल नायक, सीआई विजयशंकर शर्मा और सीमा चौधरी का स्वागत किया। तत्पश्चात भजन संध्या का आगाज बाबा खाटूश्याम की आरती के साथ हुआ। श्याम मित्र मण्डल देवली के भजन गायक अमित शर्मा ने गणेश वन्दना प्रस्तुत कर भजन संध्या को परवान चढ़ाया। भजन गायक नरेशकुमार की भजन प्रस्तुति मोर जड़ी लहराई रे सहित अनेक भजनों पर श्रोता जमकर झूमे और उन्हें भरपूर दाद दी। गायक कलाकार सोनू, राहुल और नितिन कुमार ने भी एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। आयोजन समिति की ओर से घण्टाघर चौराहे पर बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिसके चलते रात्रि 3 बजे तक महिला पुरूष श्रोताओं ने भजन संध्या का जमकर आनंद उठाया।
भजन संध्या के दौरान अनेक बार श्रोता भक्तिरस में बहकर नाचने पर मजबूर हो गए। आयोजन स्थल पर बाबा खाटूश्याम की अनुपम झांकी सजाई गई, जिसे देखकर श्रद्धालु अभिभूत हो उठे। भजन संध्या के समापन के पश्चात बाबा खाटूश्याम के खीर चूरमे का भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया गया।
केकड़ी. श्यामभजन संध्या में सजाई गई बाबा खाटूश्याम की झांकी तथा भजन की प्रस्तुति देते कलाकार।