कॉलेज छात्रों ने किया अजमेर हाइवे जाम
एनएसयूआईकार्यकर्ताओं सहित कॉलेज के छात्रों ने शुक्रवार को दोपहर महाविद्यालय परिसर के बाहर अजमेर मार्ग पर रोडवेज बसे रोकने के रोडवेज कर्मियो द्वारा छात्रों से अभद्र व्यवहार किए जाने के विरोध में रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया, जिससे अजमेर-कोटा मार्ग पर करीब एक घंटा यातायात बाधित हुआ। रास्ते के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लग गई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम जगदीशनारायण बैरवा तहसीलदार साधुराम जाट सहित पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर छात्रोंं से समझाईश की, काफी जद्दोजहद के बाद छात्र राजी हुए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रो को आश्वस्त किया कि वे रोडवेज अधिकारियों से बात कर रोडवेज बस यहां कॉलेज के बाहर रुकवाने की व्यवस्था करेंगे तथा उन्होंने स्पीड ब्रेकर बनाने का भी आश्वासन दिया, तब जाकर एक घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका। इस दौरान यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष राजेन्द्र गुर्जर, उपाध्यक्ष राकेश बैरवा, दुर्गालाल, जयपाल चौधरी, प्रदीप शर्मा, धर्मीचन्द प्रजापत, नाथूलाल, कालूराम, विशाल नरूका, राहुल, आशीष, विष्णु डिप्पर सहित एनएसयूआई के अनेक कार्यकर्ता छात्र मौजूद थे। उधर पुलिस ने रास्ता जाम कर यातायात अवरूद्ध करने के आरोप में छात्रसंघ अध्यक्ष राजेन्द्र गुर्जर, जयपाल चौधरी, प्रदीपकुमार, कालू गुर्जर तथा 20-25 अन्य छात्रोंं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
केकड़ी. प्रदर्शन कर रहे छात्रो से समझाईश करते हुए प्रशासनिक अधिकारी।