साफ सड़क पर लगाई झाड़ू, फोटो खिंचवाए
स्वच्छभारत अभियान के तहत राजस्थान में सोमवार से शुरू हुए स्वच्छ सप्ताह का प्रशासनिक अफसरों ने पहले दिन ही खुलेआम मखौल उड़ाया। स्वच्छ सप्ताह अभियान के सोमवार सुबह 11 बजे शुभारंभ के अवसर पर एसडीएम जगदीश नारायण बैरवा, तहसीलदार साधुराम जाट, पालिकाध्यक्ष रतनलाल नायक, अधिशाषी अधिकारी भरतकुमार मीणा सहित कुछ भाजपा नेता केवल समाचार पत्रों में फोटो छपाने के लिए हाथ में झाड़ू लेकर खड़े हो गए। उन्होंने महज औपचारिक रस्म निभाने के लिए नगर पालिका के पास ही अजमेर हाइवे पर साफ-सुथरी सड़क पर झाड़ू निकालते हुए फोटो खिंचवाई।
इसके बाद उपखंड अधिकारी तो केवल फोटो खिंचवाकर अजमेर रवाना हो गए। इस मौके पर उपस्थित अन्य विभागों के अधिकारी भाजपा नेता भी फाेटो खिंचवाकर चलते बने। मौके पर कई अधिकारी तो ऐसे भी थे जिन्होंने हाथ में झाडू लेना भी मुनासिब नहीं समझा। इसके साथ ही अभियान का उद्घाटन कार्यक्रम संपन्न हो गया।
हालांकि इससे पहले एक दिन पूर्व नगर पालिका ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया था कि अभियान का शुभारंभ विधायक के मुख्य आतिथ्य प्रशासनिक अधिकारियो की मौजूदगी में होगा। हालांकि इस अभियान के शुभारंभ पर विधायक अचानक किसी काम से जयपुर चले गए। उनकी गैर मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारियों ने भी केवल फोटो खिंचवा खानापूर्ति कर अभियान का शुभारंभ किया।
केकड़ी. फोटो खिंचवाने के लिए साफ सड़क पर झाडू निकालते हुए अधिकारी।