पटवार परीक्षा के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेन-बसें
13फरवरी को होने वाली पटवार भर्ती परीक्षा को लेकर रेलवे और रोडवेज ने व्यापक इंतजाम किए हैं। रेलवे ने 2 अतिरिक्त ट्रेन चलाने के अलावा 5 ट्रेनों में 2-2 अतिरिक्त कोच का निर्णय लिया। रोडवेज ने भी अतिरिक्त बस चलाने का निर्णय लिया है। जयपुर-रेवाड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेन 12 फरवरी को शाम 6.05 बजे जयपुर से चलकर रात 8.33 बजे अलवर आकर 10.15 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। यह ट्रेन रात 3.50 बजे रेवाड़ी से चलकर 13 फरवरी को सुबह 4.55 बजे अलवर आकर 7.50 बजे जयपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में जयपुर, गांधीनगर, जगतपुरा, बस्सी, दौसा, बांदीकुई, बसवा, राजगढ़, अलवर, पड़ीसल, खैरथल रेवाड़ी स्टेशन पर रुकेगी। इस ट्रेन में 10 जनरल कोच होंगे। जयपुर-अलवर परीक्षा स्पेशल ट्रेन 13 फरवरी को शाम 4.10 बजे जयपुर से चलकर शाम 7.50 बजे अलवर आएगी। इसी दिन रात 8.15 बजे यह ट्रेन अलवर से चलकर रात 11.05 बजे जयपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में जयपुर, गांधीनगर, बस्सी, दौसा, बांदीकुई, बसवा, राजगढ़ अलवर स्टेशन पर रुकेगी। 13 फरवरी को ट्रेन नंबर 59721 जयपुर- हिसार पैसेंजर, ट्रेन नंबर 59722 हिसार-जयपुर पैसेंजर, ट्रेन नंबर 14807 जयपुर-अलवर एक्प्रेस, ट्रेन नंबर 14808 अलवर-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 54833 जयपुर- हिसार पैसेंजर ट्रेन 2-2 अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। रोडवेज के यातायात प्रबंधक शक्ति सिंह ने बताया कि 12 फरवरी को अलवर से झूंझुनूं के लिए 3 परीक्षा स्पेशल बस चलाई जाएंगी। 13 फरवरी को जयपुर, दौसा, झूंझुनूं भरतपुर के लिए परीक्षा स्पेशल बस चलाई जाएगी। यात्रीभार के अनुसार अतिरिक्त बसें चलेंगी।