सीकर। स्वाइन फ्लू का वायरस बेकाबू होता जा रहा है। शुक्रवार को जिले के तीन और रोगियों में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव की पुष्टि हुई। तीनों रोगी जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती है।
सीएमएचओ डॉ. रतन मोदी ने बताया कि खंडेला की 21 वर्षीय कंचन, बेसवा के अब्दुल खान व सीकर शहर के मुस्लिम पुत्र मोहम्मद कासम जयपुर एसएमएस अस्पताल में भर्ती है। उनकी सैंपल रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव बताया गया है। अब तक जिले में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव की संख्या 17 हो गई है। नोडल अधिकारी डॉ. देवेंद्र दाधीच ने बताया कि एसके अस्पताल में दो नए संदिग्ध रोगियों को भर्ती किया गया है। जिनमें रघुनाथगढ़ का दुर्गाप्रसाद पुत्र दौलाराम गुर्जर व स्वरूपसर की राधा देवी पत्नी अर्जुन सिंह शामिल है। आइसोलेशन वार्ड में भर्ती जेताराम को जयपुर रैफर किया है।
मास्क सात से आठ रुपए में बेचने के लिए पाबंद किया : ड्रग कंट्रोलर विभाग ने कई मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर के अनुसार इस दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों को स्वाइन फ्लू रोधी मास्क सात से आठ रुपए में बेचने के लिए पाबंद किया गया है। मास्क पर प्रिंट रेट 25 रुपए दी हुई है।
कॉमन टाॅयलेट के कारण है संक्रमण का खतरा
आइसोलेशन वार्ड में भर्ती स्वाइन फ्लू रोगी व अन्य वार्डों के रोगियों के लिए कॉमन टायलेट है। ऐसे में सामान्य रोगियों में भी स्वाइन फ्लू का खतरा है। जबकि ईएनटी वार्ड में मरीजों के लिए वेंटीलेटर तक की सुविधा मौजूद नहीं है।
नहीं हो रहा सर्वे | स्वाइन फ्लू से होने वाली मौत के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से मृतक के आस-पास के घरों का सर्वे नहीं कराया जा रहा है। हालांकि संपर्क में आने वाले लोगों को टेमीफ्लू दवा दी जा रही है।
मौत के बाद आई रिपोर्ट नहीं था स्वाइन फ्लू
एसके अस्पताल में सात फरवरी को भैरूपुरा निवासी व स्वाइन फ्लू के संदिग्ध रोगी मुकेश भामू की मौत हो गई थी। मुकेश आइसोलेशन वार्ड में भर्ती था। उसकी रिपोर्ट मौत के छह दिन बाद स्वाइन फ्लू निगेटिव आई है।
मास्क के लिए मारामारी | एसके अस्पताल में मास्क की मारामारी मची हुई है। हालांकि आइसोलेशन वार्ड में भर्ती होने वाले मरीज व उनके परिजनों को अब अस्पताल द्वारा मास्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। लेकिन, मरीजों के संपर्क में आने वाले अन्य लोगों को मास्क नहीं दे रहे।
(फोटो- सीकर में तापड़िया बगीची के पास लोगों को स्वाइन फ्लू रोधी काढ़ा पिलाते हुए।)