- Hindi News
- धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ नैनवां खानपुरा में कर्फ्यू
धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ नैनवां खानपुरा में कर्फ्यू
भास्कर न्यूज. नैनवां(बूंदी)
बूंदीजिले के खानपुरा गांव में धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ की घटना के बाद तनाव पैदा हो गया। पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद नैनवां कस्बे और खानपुरा गांव में अनिश्चिकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सभी शिक्षण संस्थाएं बंद रही। रोडवेज प्राइवेट बसों का संचालन नहीं हुआ। पूरे कस्बे में सन्नाटा पसरा रहा। मेले में दुकानें नहीं खुलीं। बीती रात रोडवेज बस में आग लगाने और थाने पर पथराव के बाद आईजी समेत बडे़ पुलिस अधिकारियों ने यहां डेरा डाल लिया। कर्फ्यू के कारण लोगों को परेशानी हुई। रविवार को कर्फ्यू में ढील दी जा सकती है।
वहां एसटीएफ, आरएसी सहित 250 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासनिक अधिकारी नैनवां में कैंप कर स्थिति पर निगरानी रखे हुए हैं।
29 के खिलाफ मामला, 11 गिरफ्तार
पुलिस ने थाने पर पथराव, राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, राजकार्य में बाधा डालने तथा पुलिसकर्मियों पर हमले के आरोप में 29 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से 11 को गिरफ्तार किया गया है।
यह था मामला
खानपुरा गांव में शुक्रवार को धार्मिक स्थल में प्रतिमा को खंडित करने का मामला सामने आया। इसके बाद नैनवां और खानपुरा के लोगों की भीड़ जमा होने लगी। भीड़ ने थाने का घेराव चक्काजाम कर दिया। रात 9.30 बजे पुलिस ने भीड़ को थाने के बाहर से हटाने की कोशिश की तो वे भड़क गए और थाने पर पथराव कर दिया। इसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले दागे। इसके बाद उत्तेजित लोगों ने रोडवेज बस स्टैंड पर टोंक डिपो की एक बस को आग लगा दी। बड़े तालाब की पाल पर स्थित एक धार्मिक स्थान पर तोड़-फोड़ कर दी। इसके बाद शनिवार सुबह 5 बजे दोनों जगह कफ्र्यू लगा दिया गया।
नैनवां। मेले में बंद पड़ी दुकानें।