भैंस चोरों ने ग्रामीणों पर की फायरिंग
खेड़ली | थानाक्षेत्र के गांव मन्याकाबास में शुक्रवार रात चोरों ने रामखिलाड़ी मीना के बाड़े में बंधी दो भैंस और एक पाड़ी को चुरा लिया और पिकअप में ले जाने लगे। भैंसों की आवाज सुनकर ग्रामीण जाग गए और पिकअप को घेर लिया। इस पर चोरों ने फायरिंग की। ग्रामीणों की भीड़ के कारण चोर पिकअप छोड़कर भाग गए। मन्याकावास निवासी रामखिलाड़ी मीना के घर के पास बाड़े में उसकी भैंस बंधी थी। रात करीब ढाई बजे चार-पांच चोरों ने तीन भैंसों को खोलकर पिकअप में चढ़ा लिया। लेकिन भैसों के रंभाने से ग्रामीण जाग गए तो चोरों ने पिकअप को भगाना चाहा। चोरों की खबर आसपास के ग्रामीणों में फैल गई। रोनिजा कठूमर रोड पर लोग जगह-जगह एकत्रित हो गए। पिकअप को चारों तरफ से रोकने के ग्रामीणों के प्रयास से चोरों ने गाड़ी को नगर मार्ग से ले जाने के लिए मोड़ा तो गाड़ी का एक्सल टूट गया। इस पर ग्रामीणों ने चोरों को घेर लिया चोरों ने ग्रामीणों को रोकने के लिए दो-तीन फायर किए और भाग गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पिकअप में तोड़फोड़ की। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।