झुंझुनूं. खेतड़ी | दर्जन भर पार्षदों ने सोमवार को खेतड़ी नगरपालिका के सामने धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। नगरपालिका प्रशासन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। पार्षदों का आरोप है कि चेयरमैन सीताराम वर्मा तथा ईओ सुमित वर्मा मनमर्जी के कार्य कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। कार्य के प्रस्ताव बाद में लिए जाते हैं तथा सामान पहले जाता है।
पार्षद राजेश कुमार सैन ने बताया कि गत दिनों नगरपालिका में मुद्दों पर प्रस्ताव लिए जाने थे। ईओ ने पार्षदों से खाली पन्ने पर साइन करा लिए। एक लाख 20 हजार रुपए के एयरकंडीशन प्रस्ताव में शामिल कर लिए जबकि नगरपालिका में एयरकंडीशन पहले ही लग गए थे। फर्जी बिल तैयार कर समान खरीदा गया। मास्टर प्लान तैयार करने के लिए जेसी इंजीनियरिंग नामक कंपनी को ठेका दे दिया है जो ईओ के भाई की कंपनी है।
पालिका उपाध्यक्ष कालीचरण गुप्ता ने बताया कि चेयरमैन और ईओ पार्षदों को बिना विश्वास में लिए मनमाने ढंग से कार्य करते हैं। चहेतों को टेंडर देकर अनियमितता की जाती है। पार्षदों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया और जांच की मांग की। ज्ञापन पर पालिका उपाध्यक्ष, कासम अली, संतोष देवी, बाबूलाल, ताराचंद, धर्मा देवी, सुमित्रादेवी, रामचंद्र, राजेश कुमार सैन, लक्ष्मीदेवी, पंकज शास्त्री ने हस्ताक्षर किए हैं।
कुछ पार्षदों के खिलाफ अतिक्रमण की शिकायतें हैं। कार्रवाई करने से नाराज होकर वे प्रदर्शन कर रहे हैं। कुछ पार्षद तामीर इजाजत के काम करने वालों को बंद कराने की नियम विरुद्ध मांग कर रहे हैं। -सुमितवर्मा, नगरपालिकाईओ
कुछ पार्षद कांग्रेसी नेताओं के इशारे पर भामाशाह योजना को असफल बनाने में लगे हुए हैं। उनके भ्रामक प्रचार करने से वार्डों में नामांकन कम हो रहा है। कुछ पार्षद वार्डों में जाकर राज्य सरकार द्वारा पेंशन बंदर करने की झूठी अफवाह फैला रहे हैं। नगरपालिका में नियम विरुद्ध कोई कार्य नहीं हो रहा। -सीतारामवर्मा, चेयरमैन नगरपालिका