- Hindi News
- वेंचर कैपिटल युवा उद्यमियों के लिए वरदान : खींवसर
वेंचर कैपिटल युवा उद्यमियों के लिए वरदान : खींवसर
कॉर्पोरेट संवाददाता | जयपुर
प्रदेशके उद्योग मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का मानना है कि राज्य के युवा उद्यमियों के लिए वेंचर कैपिटल वरदान साबित होगा। ऑनलाइन कारोबार को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार की पूंजी से उद्यमिता बढ़ेगी। वे यहां शुक्रवार को ‘वेंचर कैपिटल फाइनेंसिंग - इमर्जिंग ट्रेंड्स\\\' विषय पर आयोजित आठवीं नेशनल कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस उद्यम के लिए किसी प्रकार की भूमि, प्लांट और मशीनरी की जरूरत भी नहीं होती है। राजस्थान वेंचर केपिटल फंड (आरवीसीएफ) को उसके प्रयासों के लिए बधाई देते हुए खींवसर ने कहा कि एक लॉजिस्टिक कंपनी में उसकी ओर से साढ़े तीन साल पूर्व किया गया 100 करोड़ रुपए का निवेश आज बढ़कर 700 करोड़ रुपए हो गया है।
योर नेस्ट एंजेल फंड के संस्थापक सीईओ सुनील के. गोयल ने कहा कि राजस्थान केंद्रीय वित्त मंत्रालय की एक नई योजना को अपना सकता है, जो युवा उद्यमियों को एक करोड़ रुपए तक के शुरुआती उद्यमों की स्थापना के लिए प्रोत्साहन देने में सहायक सिद्ध होगी। आरवीसीएफ की चेयरपर्सन और रीको की प्रबंध निदेशक वीनू गुप्ता ने कहा कि राजस्थान वेंचर कैपिटल फंड द्वारा 500 करोड़ रुपए का एक नया फंड तैयार किया जा रहा है जिसमें रीका 45 करोड़ रुपए का योगदान देगा।
एक्जिम बैंक ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक यदुवेंद्र माथुर ने कहा कि वेंचर इक्विटी तो उपलब्ध है लेकिन वेंचर ऋण प्राप्त करना आसान नहीं है। मुथूट ग्रुप के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट जॉर्ज मुथूट एलेक्जेंडर ने कहा कि वेंचर कैपिटल की आसान उपलब्धता के कारण आज बड़ी संख्या में ऑनलाइन प्रोजेक्ट संचालित किए जा रहे हैं और पनप भी रहे हैं। इनमें ओला कैब्स, मेक माई ट्रिप डॉट कॉम और नौकरी डॉट कॉम जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। सीआईआई राजस्थान काउंसिल के अध्यक्ष आनंद सिंघल ने कहा कि वेंचर कैपिटल फाइनेंस नई, छोटी और मध्यम आकार की इकाइयों के लिए प्रमुख वित्तीय स्रोत है। आरवीसीएफ के सीईओ गिरीश गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया।
जयपुर में शुक्रवार को आठवीं वेंचर कैपिटल कांफ्रेंस को संबोधित करते प्रदेश के उद्योग मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर।