किशनगंज-शाहाबाद क्षेत्र की पांच और नई सड़कों को मिली हरी झंडी
किशनगंज| किशनगंज-शाहाबादविधानसभा क्षेत्र में लगभग दो साल से वन विभाग की आपत्ति के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में रुका हुआ सड़कों का कार्य फिर से शुरू होगा।
इसके लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से वन एवं पर्यावरण मंत्रालय लखनऊ में लगाई गई अपील को मंजूरी मिलने के बाद सड़कें बनाने का रास्ता साफ हो गया है। इससे सालों से परेशान हो रहे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी। पीडब्ल्यूडी एईएन मनीष मीणा ने बताया कि वन विभाग की ओर से दोनों तहसीलों की 23 सड़कों का कार्य शुरू होने के बाद वन विभाग ने रोक लगा दी थी। इसके बाद से ही कार्य बंद पड़ा था। ऐसे में ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़कों का कार्य शुरू कराने के लिए वन एवं पर्यावरण मंत्रालय लखनऊ में अपील करने के बाद पांच सड़कों का कार्य फिर से शुरू कराने की मंजूरी मिल गई है। जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सड़कों के कार्य को शुरू करवाया जाएगा। इसमें शाहाबाद क्षेत्र की केदार कुई रोड से सिलोरा चार किमी, एनएच 27 से धुआ गांव तक चार किमी, किशनगंज क्षेत्र की गरड़ा से जैसवां चार किमी, माधोपुरा से जेतपुरा चार किमी करवरीखुर्द से बामनदह तक सात किमी सड़कों का निर्माण शुरू हो सकेगा।