मावठ के बाद यूरिया की मांग बढ़ी
कस्बेसहित आस-पास के क्षेत्र में गत दो दिनों तक हुई मावठ की बारिश के बाद यूरिया की मांग बढऩे से किसानों को खाद के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। कस्बे में रविवार को एक ही गाड़ी आने के कारण कम ही किसानों को यूरिया मिला।
क्षेत्र के रेलावन स्थित राजीव गांधी भवन के बाहर सुबह से ही किसानों की लंबी-लंबी कतारें लगना शुरू हो गई। यहां पर दो गाडिय़ों में लगभग 700 ही कट्टे आए थे। इस दौरान बिलों के लिए किसानों ने धक्का-मुक्की की। इसके बाद थानाधिकारी जगदीश प्रसाद जाब्ते के साथ रेलावन पहुंचे और किसानों को शांत करवाया। जिन किसानों बिल कट गए थे उन्हें दो-दो कट्टों का वितरण किया गया। वहीं रामगढ़ में भी गाड़ी आने पर किसानों को खाद का वितरण किया गया। किसान संघ के सत्यनारायण सिंह ने बताया की क्षेत्र में मावठ की बारिश होने से किसानों को यूरिया की आवश्यकता है। जबकि कृषि विभाग की ओर से खाद की व्यवस्था नहीं करने से किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल रहा है।