दुर्घटना का कारण बने खड़े ट्रक
भास्कर न्यूज| मदनगंज-किशनगढ़
गांधीनगर में बन रही फोर लेन सीसी रोड भी ट्रकों वाहन चालकों की भेंट चढ़ रही है। लंबी जद्दोजहद के बाद टू लेन बनकर तैयार हुई तो उस पर ट्रक चालकों ने कब्जा जमा लिया और वाहन खड़े करने शुरू कर दिए। ऐसे में एक लेन ही आवागन का जरिया बनी हुई है।
जबकि दूसरे टू लेन पर खुदाई का काम चल रहा है। ऐसे में आने जाने वाले दुर्घटना का शिकार हो रहे है और लाेगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में क्षेत्रवासियों ने सड़क के धीमी गति से हो रहे निर्माण को लेकर विरोध जताया था और हंगामा किया था। उसके बाद काम तो शुरू हुआ लेकिन एक लेने पर अवैध ट्रकों ने कब्जा जमाना शुरू कर दिया। जबकि गांधीनगर थाने के पास ही बनी इस लेन पर पुलिसकर्मियों का भी भय नहीं है। पुलिसकर्मी रोजाना यहां से गुजरते है, लेकिन कोई ट्रकों को हटाने की जहमत नहीं उठाता। ऐसे में बार-बार जाम के हालत बने रहते है। सड़क निर्माण के कार्य ने गति तो पकड़ी हैं, लेकिन अब ट्रक चालकों की मनमर्जी क्षेत्रवासियों आने जाने वालों पर भारी पड़ रही है।
हाइवे के सर्विस लेन से हटे तो यहां खड़े होने लगे : क्षेत्रवासियोंने बताया कि अजमेर-जयपुर हाइवे पर बजरंग कॉलोनी के बाहर सर्विस लेन पर ट्रकों के खड़े होने पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती थी और जाम लगता रहता था। गुस्साए बजरंग कॉलोनी के लोगों ने सर्विस लेन पर आकर जमकर विरोध जताया था। इसके बाद पुलिस ने नगर परिषद की मदद से निर्माणाधीन डीटीओ कार्यालय के पास ट्रकों के खड़े होने की जगह का निर्धारण हुआ था। इसके बाद अधिकांश ट्रक चालकों ने निर्धारित जगह की बजाय गांधीनगर थाने के बाहर निर्माणाधीन सड़क पर ट्रक खड़े करना शुरू कर दिए। दूसरी ओर सड़क की खुदाई का काम चल रहा है। ऐसे में टू लेन एक लेन बनकर रह गई। इसी लेन से दोनों तरफ के वाहन गुजर रहे है।
मदनगंज-किशनगढ़. गांधीनगरमें नई बनी सीसी रोड पर खड़े ट्रक जो बन रहे है परेशानी का कारण।
गांधीनगर थाने के पास नई बनी टू लेन पर खड़े होने लगे है ट्रक