आशियाने उजड़ने पर भड़के नागरिक
भास्कर न्यूज|मदनगंज-किशनगढ़
न्यूहाऊसिंग बोर्ड स्थित लुहार कॉलोनी क्षेत्र में शुक्रवार को नगर परिषद की ओर से हटाए गए पक्के अतिक्रमण के विरोध में शनिवार को सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासीर विधायक भागीरथ चौधरी के आवास पर पहुंचे। विधायक के नहीं मिलने पर क्षेत्रवासी नगर परिषद सभापति आवास पर पहुंचे और वहां जमकर विरोध जताया और परिषद पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए अन्य अतिक्रमण हटाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद के अतिक्रमण दस्ते ने आयुक्त के निर्देश पर न्यू हाउसिंग बोर्ड स्थित लुहार कॉलोनी में पक्के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। परिषद ने 10 पक्के 5 कच्चे अतिक्रमण सहित 15 अतिक्रमण हटाए थे। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में कच्ची बस्ती, लुहार कॉलोनी के क्षेत्रवासी सैंकड़ों की संख्या में एकत्रित होकर सुबह 10.30 बजे विधायक भागीरथ चौधरी के आवास पर पहुंचे। आवास पर चौधरी के नहीं मिलने पर क्षेत्रवासी एकत्रित होकर सभापति गुणमाला पाटनी के आवास पर पहुंचे। वहां आवास के बाहर नगर परिषद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और हाय-हाय के नारे लगाए गए। क्षेत्रवासी सभापति को बाहर निकालने की मांग पर अड़ गए। सभापति के पति महेंद्र पाटनी ने आकर क्षेत्रवासियों ने बात की तो क्षेत्रवासियों ने परिषद पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए नाराजगी प्रकट की। क्षेत्रवासियों ने कहा कि क्षेत्र में एक नहीं वे बिजली का बिल भरते है। लेकिन ऐसे ढेरों पक्के अतिक्रमण है जिनके पास कुछ नहीं है। उनके अतिक्रमण नहीं हटाए गए। हवाई अड्डे निर्माण में विस्थापित लोगों को भूमि देने के लिए सिर्फ उसी जगह से अतिक्रमण क्यों हटाया जा रहा।
सभीजगह हो कार्रवाई
अतिक्रमणहटाने की कार्रवाई सभी जगह होनी चाहिए। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि परिषद पास ही स्थित दूसरे अतिक्रमण को क्यों नहीं हटा रहा। जबकि वह कईं सालों पुराने है और नए अतिक्रमण भी होते जा रहे हैं। लोगों की संख्या अधिक होने और विरोध होने से माहौल गर्मा गया। पाटनी की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। क्षेत्रवासियों ने कार्रवाई नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। विरोध जताने वालों में रामस्वरूप, कैलाश, मिश्रीलाल, कैलाशी देवी, जमना देवी, अनिता, बबली देवी, कमलेश, सोहनलाल, प्रेमस्वामी, दीनदयाल, बिदामी देवी, जगदीश, जगपाल, अरूण रैगर, सहित अन्य लोग शामिल थे।
मदनगंज-किशनगढ़. सभापति आवास पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विरोध जताते न्यू हाऊसिंग बोर्ड कच्ची बस्ती क्षेत्र के लोग