जेसीबी ने फिर तोड़ी पाइप लाइन
भास्कर न्यूज.मदनगंज-किशनगढ़
अजमेररोड पर कृष्णापुरी के बाहर सड़क निर्माण के दौरान शनिवार को जेसीबी ने पाइप लाइन तोड़ दी। जिससे हजारों गैलन पानी व्यर्थ बह गया। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने जलदाय विभाग में फोन कर जलापूर्ति बंद कराई तब जाकर पानी रुका सड़क निर्माण के दौरान 25 से अधिक बार पाइप लाइन फोड़ी जा चुकी है। हर बार पानी व्यर्थ बहा है।
जानकारी के अनुसार अजमेर रोड पर कृष्णापुरी, पावर हाऊस के पास सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है। कृष्णापुरी के बाहर दोपहर 12 बजे के आसपास जेसीबी खुदाई का काम कर रही थी। इसी खुदाई के दौरान जेसीबी ने पाइप लाइन फोड़ दी। फाइन लाइन फूटते ही फव्वारे के साथ पानी व्यर्थ बहने लगा। देखते ही देखते सड़क पर काफी सारी पानी जमा हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने पाइप लाइन फूटने पर जेसीबी चालक के समक्ष नाराजगी जताई। लोगों ने व्यर्थ बहते पानी को रोकने के लिए जलदाय विभाग में फोन कर जलापूर्ति बंद कराई। तब जाकर पानी बंद हुआ। मालूम हो कि सड़क निर्माण के दौरान अब तक 25 से ज्यादा बार पाइप लाइन फोड़ी जा चुकी है। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार जेसीबी चालक जानबूझकर पाइप लाइन फोड़ते है ताकि तराई के लिए बाहर से पानी नहीं मंगवाना पड़े। मूलचंद शर्मा, गोपाल, सहित अन्य लोगों ने बताया कि अब तक कई बार पाइप लाइन फोड़कर पानी व्यर्थ बहाया गया जिससे जलदाय विभाग को नुकसान हुआ। इसके बावजूद जलदाय विभाग की ओर से ठेकेदार जेसीबी चालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। चार दिन पूर्व भी मुख्य पाइप लाइन फूटने से गलियों में पानी भर गया था। शहजाद हुसैन की दुकान में पानी भर गया था। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ और अब तक ना ही कोई विभागीय कार्रवाई की गई।
मदनगंज किशनगढ़. कृष्णापुरीके बाहर सड़क निर्माण के दौरान जेसीबी से टूटी पाइप लाइन के बाद व्यर्थ बहा पानी।
अजमेर रोड पर सड़क खुदाई के दौरान जेसीबी ने तोड़ी पाइप लाइन, कृष्णापुरी में पहले भी कई बार टूूट चुकी है लाइन