अफसरों के कहने पर ही मिलेगा राशन
भास्कर न्यूज | मदनगंज-किशनगढ़
खाद्यसुरक्षा योजना के अंतर्गत मिलने वाली खाद्य सामग्री अब सरकारी विभागों के अधिकारियों के सत्यापन के बाद ही उपभोक्ताओं को मिल सकेगी। पार्षद, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य के सत्यापन से खाद्य सामग्री नहीं मिलेगी। ये बात जिला रसद अधिकारी सुरेश सिंधी ने गुरुवार को सिटी रोड स्थित बाहेती धर्मशाला में आयोजित राशन डीलर्स की बैठक में कही।
डीएसओ सिंधी ने राशन डीलर्स को हिदायत देते हुए कहा कि अगर जनप्रतिनिधि के सत्यापन पर कोई राशन डीलर उपभोक्ता वितरण पखवाड़े में खाद्य सामग्री का वितरण करता है तो यह राशन सामग्री खुर्द बुर्द करना माना जाएगा और इसके लिए राशन डीलर ही जिम्मेदार होगा।
राशन डीलर्स की एक दिवसीय कार्यशाला को कार्यक्रम संयोजक प्रवर्तन अधिकारी सिद्दीक मोहम्म्द, तहसीलदार किशनगढ़ नंद किशोर तिवाड़ी, रूपनगढ़ तहसीलदार अरुण शर्मा, अरांई तहसीलदार प्रणव गुगरवाल, प्रवर्तन निरीक्षक नीरज जैन ने भी संबोधित किया और कई प्रकार की आवश्यक जानकारी दी। इस दौरान राशन डीलर्स ने भी कई प्रकार के प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान किया। इस दौरान राशन डीलर कैलाश अग्रवाल, मूलचन्द शर्मा, जब्बर सिंह, किशनलाल जाट, देवाराम जाट, सहित अनेक राशन डीलर मौजूद रहे।
इसआधार पर मिलेगी सामग्री
डीएसओसिंधी ने बताया कि फरवरी उपभोक्ता पखवाड़े में खाद्य सुरक्षा योजना के पात्र परिवारों को दस्तावेजी साक्ष्य सत्यापन के बाद ही राशन सामग्री वितरित की जाएगी। राशन सामग्री लेने जाने वालो को राशन डीलर को नए राशन कार्ड का नंबर, आधार कार्ड मुखिया अन्य सदस्यों का, मुखिया का मोबाइल नंबर तथा उपभोक्ता के उपभोक्ता प्राथमिक श्रेणी के साक्ष्य प्रस्तुत करने होंगे। सिंधी ने बताया कि इन रिकार्डो का संधारण किस प्रकार किया जाएगा के लिए दस से पंद्रह फरवरी के बीच प्रशिक्षण दिया जाएगा। डीएसओं सिंधी ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने अपने साक्ष्य माह फरवरी में जमा नहीं कराए उन्हें मार्च माह से राशन सामग्री नहीं मिलेंगी। सिंधी ने कहा कि केवल प्रमाणीकरण के आधार पर ही आने वाले माह में ग्रामीण शहरी क्षेत्र में राशन सामग्री का वितरण किया जाएगा। पीडीएस सामग्री का वितरण केवल नए राशनकार्ड पर ही देय होगा। अपवाद स्वरूप उन्हें ही पुराने कार्ड पर राशन सामग्री मिलेगी जिन्हें नया राशन कार्ड नहीं मिला है या मिला तो त्रुटी के कारण सुधरवाने के लिए जमा किया गया है।
किशनगढ़. बाहेती धर्मशाला पर राशन डीलर्स की कार्यशाला में मौजूद राशन डीलर्स।