सूने मकान से लाखों का माल पार
भास्कर न्यूज | मदनगंज-किशनगढ़
दाधीचकॉलोनी में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाते हुए नकदी सहित लाखों रुपए का सामान चुरा लिया। चोरी का पता सोमवार सुबह परिजनों के घर आने पर चला। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर गांधीनगर थाना पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार वार्ड 9 स्थित दाधीच कॉलोनी में कालू सिंह किराए पर अपने परिवार के साथ रहता है। सिंह दो दिन पूर्व परिवार में मौत हो जाने के कारण जड़ाता गांव अपने परिवार के साथ शोक में गया हुआ था। पीछे से मकान सूना था। देर रात को अज्ञात चोरों ने मकान के ताले तोड़कर चोरी कर ली।
सोमवार सुबह जब सिंह अपने परिवार वालों के साथ घर पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। घर के अंदर दरवाजों ताला टूटा हुआ था और कमरे के अंदर चारों ओर सामान बिखरा पड़ा था। दोनों कमरों के ताले टूटे हुए थे और चोरों ने अलमारी काे भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था। चोरी का पता चलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना गांधीनगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। सिंह ने पुलिस में दी रिपोर्ट में बताया कि चोरों ने उसके घर से सोने की रखड़ी, कान के टॉप्स, सोने का लोंग, चांदी की पायजेब, सोने की अंगूठी सहित 70 हजार रुपए नकद चुरा लिए। चोरी गए सामान की कीमत दो लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मालूम हो कि गांधीनगर क्षेत्र में अब तक कई चोरी की घटनाएं हो चुकी है लेकिन पुलिस अभी तक एक भी चोरी का पर्दाफाश नहीं कर पाई है। बढ़ती चोरियों की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में रोष है और पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने लगे है।
मदनगंज-किशनगढ़. दाधीच कॉलोनी स्थित मकान में चोरी के बाद बिखरा सामान।