- Hindi News
- यज्ञनारायण अस्पताल प्रशासन को सीएमएचअो ने दिया नोटिस
यज्ञनारायण अस्पताल प्रशासन को सीएमएचअो ने दिया नोटिस
भास्कर न्यूज|मदनगंज-किशनगढ़
स्वाइनफ्लू संदिग्ध गर्भवती महिला को आइसोलेशन वार्ड की बजाय गायनिक वार्ड में भर्ती किए जाने के मामले में सीएमएचओ ने राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल प्रशासन को नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त निदेशक डॉ. वीके माथुर के निर्देश पर की गई। इसके अलावा रामनेर रोड निवासी एक अौर व्यक्ति स्वाईन फ्लू पॉजिटिव सामने आया। उपखंड में स्वाईन फ्लू रोगियों की संख्या 7 हो गई है इनमें से दो की मौत हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल में पिछले दिनों राज्य सरकार के निर्देश पर स्वाइन फ्लू संदिग्ध मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड खोला गया था। अस्पताल प्रशासन ने आइसोलेशन वार्ड पर नाम तो चस्पा कर दिया था लेकिन ताले नहीं खोले गए। उसके बाद स्वाइन फ्लू संदिग्ध होने के बावजूद एक गर्भवती महिला को राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल के गायनिक वार्ड में भर्ती किया गया।
स्वाईन फ्लू संदिग्ध होने के बावजूद डाॅक्टर सामान्य बुखार निमोनिया का उपचार करते रहे। अस्पताल का निरीक्षण करने आए अतिरिक्त निदेशक डॉ. वीके माथुर ने आइसोलेशन वार्ड के ताले खुलवाए और महिला को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करने के निर्देश दिए गए थे लेकिन अस्पताल प्रशासन ने निर्देशों को अनसुना कर दिया था। दो दिन बाद जांच में स्वाईन फ्लू पॉजिटिव की पुष्टि हुई तब जाकर महिला को अजमेर रेफर किया गया।
इसके अलावा दो अन्य महिलाओं को भी अजमेर रेफर कर दिया गया जबकि अस्प्ताल में आइसोलेशन वार्ड है। अस्पताल प्रशासन की इस लापरवाही को भास्कर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। अतिरिक्त निदेशक डॉ. वीके माथुर ने सीएमएचओ डॉ. राजेश खत्री को राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल प्रशासन को नोटिस जारी कर पाबंद किया है।
अजमेर नहीं भेजें हर संदिग्ध
सीएमएचओडॉ. राजेश खत्री ने अस्पताल प्रशासन को नोटिस जारी कर निर्देश दिए कि स्वाइन फ्लू संदिग्ध मरीजों को अजमेर रेफर करने की बजाय वहीं आइसोलेशन वार्ड में ही भर्ती कर इलाज करें। अजमेर में पहले ही स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मरीजों से वार्ड भरे पड़े हैं। 50घरों का किया सर्वे : रामनेररोड गांधीनगर के एक और व्यक्ति की रिपोर्ट पोजिटिव को अजमेर जेएलएन में उपचार चल रहा है। टीम ने पॉजिटिव मिले व्यक्ति के परिवार रिश्तेदार सहित 8 जनों को टेमिफ्लू दी गई। इसके अलावा घर-घर जाकर 50 घरों का सर्वे किया गया। टीम ने दो घंटे सर्वे कर बुखार से पीड़ित लोगों को दवाइयां दी गई। इस दौरान एक 20 वर्षीय युवती भी संदिग्ध मिली जिसे अस्पताल में डॉक्टर को दिखाकर उपचार कराने की सलाह दी गई। टीम में डॉ. पुरूषोत्तम, एमपीडब्ल्यू भैरूसिंह पंवार आदि मौजूद थे।
^अस्पताल प्रशासन के निर्देश देने के बावजूद पालना नहीं की गई। स्वाइन फ्लू को लेकर लापरवाही बरती गई। सीएमएचओ को निर्देश देकर नोटिस जारी कराए गए है। डॉ.वीके माथुर, अतिरिक्तनिदेशक
किशनगढ़. रामनेररोड पर बुधवार को सर्वे के दौरान लोगों के स्वास्थ्य की जांच करती चिकित्सा विभाग की टीम।