पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ठगी करते युवक की पिटाई, दो फरार

ठगी करते युवक की पिटाई, दो फरार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज|मदनगंज-किशनगढ़.

अजमेररोड स्थित एक दुकान में सोमवार दोपहर लकी ड्रा पर्ची काटने के नाम पर बीस हजार रुपए ठगी करते युवक को लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। मौके से युवक के दो अन्य साथी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। मदनगंज थाना पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार वासुदेव रांधड़ नाम का एक शख्स अजमेर रोड स्थित एक दुकान में सामान खरीदने आया हुआ था। वह सामान खरीद ही रहा था कि इसी दौरान एक युवक दुकान पर आया और लकी ड्रा की पर्ची कटाने के लिए कहा। इसी दौरान एक अन्य युवक वहां आया और उसने पर्ची खरीदी और उसका दाेगुनी रकम का इनाम खुल गया। तीसरे युवक ने पर्ची लगाई तो उसे भी दुगुनी रकम मिल गई। अब रांधड़ भी लालच में गया और उसने बीस हजार रुपए लगा दिए। युवकों ने असली पर्ची की बजाय नकली पर्ची खोल दी और बीस हजार रुपए हार जाने की बात कही। युवक पर्ची लेकर भागने लगा तो रांधड़ दुकानदार ने उसे दबोच लिया और उसकी धुनाई कर दी। पोल खुलते देख पर्ची खुलवाने वाले दोनों युवक जो उसके ही साथी थे वे बीस हजार रुपए लेकर बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। पकड़े गए युवक को आते-जाते लोग पीटने लगे। भीड़ के कारण मौके पर जाम लग गया और वाहनों की कतार लग गई। कुछ देर बाद मदनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में थाने ले गई। युवक की पहचान आगरा, उत्तरप्रदेश निवासी मनोज के रूप में हुई है। मौैके से फरार हुए दो युवकों में से एक आगरा तथा दूसरा जयपुर का निवासी बताया जा रहा है। मदनगंज पुलिस हिरासत में लेकर युवक से पूछताछ कर रही है।

अजमेर रोड स्थित दुकान में ठग की धुनाई करते दुकानदार।