ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल
भास्कर न्यूज|मदनगंज-किशनगढ़
अजमेर-जयपुरहाइवे स्थित हवाई पट्टी रोड के निकट रविवार सुबह ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया और बाइक सवार दूसरा घायल भी चला गया। ट्रक का पहिये एक युवक के पांव पर चढ़ गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को राजकीय अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी गंभीर हालत होने पर अजमेर रैफर कर दिया गया। गांधीनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार दो युवक सुबह 8 बजे बाइक पर सवार होकर मार्बल एरिया की तरफ जा रहे थे। हवाई पट्टी रोड के पास ओवरटेकिंग के प्रयास में पीछे से एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में एक बाइक सवार उछलकर ट्रक के नीचे गिरा जिससे ट्रक का पहिया उसके पांव पर चढ़ गया और पांव कुचल गया। जबकि दूसरा घायल मामूली चोटिल हुआ। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। जबकि बाइक सवार एक घायल भी मौके से चला गया। गंभीर रूप से घायल को राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान बिहार के क्रिश्चियनगंज जिला निवासी राऊल (30) के रूप में हुई है। घायल की गंभीर हालत होने पर प्राथमिक उपचार देकर अजमेर जेएलएन अस्पताल रैफर कर दिया।