बेकाबू ट्रक ने फैलाई दहशत
भास्कर न्यूज| मदनगंज-किशनगढ़
नशे में धुत्त ट्रक चालक ने शनिवार शाम को एक के बाद एक दस वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे से मुख्य सड़क पर दहशत का माहौल हो गया और अफरा-तफरी मच गई। ट्रक मुख्य चौराहे पर कार को टक्कर बाइक सहित अन्य वाहनाें को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। ट्रक ने सिटी रोड स्थित महावीर पार्क के पास ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे के बाद जाम लग गया। सूचना पर पहुंची मदनगंज थाना पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया और ट्रक को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार अजमेर की ओर से अा रहा ट्रक माल भरकर बस स्टैंड होता हुआ मुख्य चौराहे पर पहुंचा। तेज गति से लहराते हुए चल रहे ट्रक ने पहले कार को टक्कर मार दी। जिससे कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार बाल-बाल बच गए। ट्रक चालक रुकने की बजाय सिटी रोड पहुंच गया। इस दौरान ट्रक ने सिटी रोड पर चार-पांच बाइक, ठेले को टक्कर मार दी। उसके बाद ट्रक महावीर पार्क के पास मार्बल की थप्पियां ले जा रहे ट्रैक्टर से टकराकर रुक गया। ट्रक चालक को भागने का मौका नहीं मिला। मौके पर जमा भीड़ ने ट्रक चालक की धुनाई कर दी। सूचना पर मदनगंज थाना प्रभारी हरिराम कुमावत मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया। बाद में ट्रक को जब्त कर जाम खुलवाया। लाेगों ने काल बनकर आए ट्रक से बचने के लिए दुकानों और गलियों में भागकर अपनी जान बचाई।
किशनगढ़. सिटीरोड पर कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद रुका ट्रक।