पुलिस के बिना हटाए अवैध कनेक्शन
भास्कर न्यूज|मदनगंज-किशनगढ़
मोहनपुरामें अवैध नल कनेक्शन हटाने की जलदाय विभाग की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही मगर शुक्रवार को पुलिस जाप्ते की जरूरत नहीं पड़ी। शुक्रवार को 25 अवैध कनेक्शन हटाए गए। ग्रामीणों ने अवैध अनेक्शन हटवाने की कार्रवाई में विभाग का सहयोग किया। मालूम हो कि गुरुवार को पुलिस मदद से 10 अवैध कनेक्शन हटाए गए थे।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर के आदेश पर गुरुवार के बाद शुक्रवार को जलदाय विभाग के जेईएन सुरेंद्र कुमार जलदायकर्मियों के साथ पुन: अवैध नल कनेक्शन हटाने के लिए ग्राम मोहनपुरा पहुंचे। जेसीबी की मदद से अवैध कनेक्शन हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। पहले दिन 10 कनेक्शन हटाने के दौरान विभाग को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा था तब गांधीनगर पुलिस जाप्ता बुलवाया गया था। लेकिन शुक्रवार को ग्रामवासियों ने विरोध की बजाय अवैध कनेक्शन हटाने में सहयोग किया। दूसरे दिन 25 अवैध कनेक्शन हटाए गए। दोनों दिन मिलाकर 35 अवैध कनेक्शन हटाए जा चुके है। मालूम हो कि 250 घरों की आबादी वाले इस गांव में 200 से ज्यादा मुख्य पाइप लाइन से अवैध नल कनेक्शन है। जिससे करकेडी गांव में जलापूर्ति बाधित हो रही थी। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए सभी नल कनेक्शन हटाने के निर्देश दिए थे। तब जाकर पुलिस मदद से अवैध कनेक्शन हटाने का अभियान शुरू किया गया। शनिवार को भी अभियान जारी रहेगा।
मोहनपुरा गांव में अवैध नल कनेक्शन हटाने के दौरान जमा ग्रामवासी।