- Hindi News
- थाना परिसर के क्वार्टर में सिपाही की मौत
थाना परिसर के क्वार्टर में सिपाही की मौत
भास्कर न्यूज|मदनगंज-किशनगढ़.
मदनगंजथाने में तैनात सिपाही की सोमवार सुबह थाने के ही सरकारी क्वार्टर में हृदयाघात से माैत हो गई। सुबह सिपाही के नहीं उठने पर उसकी आठ वर्षीय पुत्री के रोने की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी क्वार्टर पर पहुंचे और राजकीय अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मदनगंज थाना प्रभारी हरिराम कुमावत ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा। घटना पर पुलिस उपाधीक्षक जगदीश राव सहित सभी पुलिसकर्मियों ने दुख प्रकट किया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मदनगंज थाने तैनात सिपाही दुदवा गांव, सीकर निवासी रूपसिंह (34) रविवार रात को खाना खाकर थाना परिसर में स्थित सरकारी क्वार्टर में सोने चला गया। सुबह रूपसिंह की प|ी नहाने चली गई जबकि उसकी आठ वर्षीय बच्ची ने रूपसिंह को उठाने का प्रयास किया। लेकिन वह नहीं उठा। काफी देर तक नहीं उठने पर पुत्री रोने लग गई। उसकी रोने की आवाज सुनकर थाने के पुलिसकर्मी दौड़कर पहुंचे और रूपसिंह को तत्काल राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रूपसिंह की मौत हृदयाघात से होना बताया जा रहा है। मौके पर थाना प्रभारी हरिराम कुमावत भी पहुंच गए और परिजनों को इत्तला की। कुछ देर बाद पुलिस उपाधीक्षक जगदीश राव भी अस्पताल पहुंच गए और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सिपाही रूपसिंह की मौत पर उच्चाधिकारियों सहित सभी पुलिसकर्मियों ने दुख प्रकट किया। बाद में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। मालूम हो कि सिपाही रूपसिंह पूर्व में मदनगंज थाने में ही तैनात था। उसके बाद उसका आदर्श नगर थाना अजमेर तबादला हो गया। डेढ माह पूर्व फिर से रूपसिंह को मदनगंज थाने में तबादला कर दिया गया।
मदनगंज-किशनगढ़. राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल में कागजी कार्रवाई करते पुिलसकर्मी।