तीन छात्राओं को रसायन चखाया, एक बेहोश
ग्रामचूरी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत एक शिक्षक की शर्मनाक करतूत किए जाने का मामला सामने आया है। शिक्षक ने 10वीं की तीन छात्राओं को प्रयोगशाला में ले जाकर सफेद पाउडर जैसा रासायनिक पदार्थ चखने को कहा। इसके चलते एक छात्रा की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई जिसे मंगलवार को बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना पर जहां ग्रामीणों में भारी रोष था वहीं प्रशासन शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। बीईईओ जौहरीमल वर्मा ने घटना से आलाधिकारियों को अवगत कराते अस्पताल जाकर पीड़ित बालिका की कुशलक्षेम पूछी।
सोमवार को आरोपी शिक्षक कैलाश यादव 10वीं की तीन छात्राओं को प्रयोगशाला में ले गया। वास्तविकता यह है कि प्रयोगशाला का कार्य कक्षा 11वीं से शुरू होता है। 10वीं की छात्राओं को प्रयोगशाला में ले जाना ही प्रथम दृष्टया शिक्षक की कार्यप्रणाली पर सवालियां निशान खड़े कर रही है।
आरोपी शिक्षक ने प्रयोगशाला में तीनों छात्राओं को सफेद पाउडर जैसा रासायनिक पदार्थ चखने को कहा तो उन्होंने चखा। पाउडर चखने से एक छात्रा की तबीयत खराब हो गई। सोमवार को आरोपी शिक्षक यादव एक अन्य शिक्षक महावीर यादव छात्रा को नारेहड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी)लाए जहां छात्रा को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इसके बाद रात्रि को पुन: तबीयत खराब होने पर परिजन उसे नारेहड़ा अस्पताल लाए।
मंगलवार को पुन: छात्रा की तबीयत खराब होने पर उसे कोटपूतली बीडीएम अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक बालिका का उपचार बीडीएम अस्पताल में जारी था। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है।