18 का चालान, पांच वाहनों को किया जब्त
कार्यालय संवाददाता | शाहपुरा
बिनारजिस्ट्रेशन नंबर एवं वाहनों के नंबर प्लेट पर स्लोगन लिखने वाले चालकों की अब खैर नहीं है। भास्कर में 11 फरवरी के अंक में बेरोकटोक चल रहे है बिना नंबर के वाहन शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस जागी।
आला अधिकारियों के निर्देश के बाद स्थानीय थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस ने त्वरित की। इस दौरान बिना नंबर लिखे एवं नंबर प्लेट पर स्लोगन पाए गए 18 वाहनों का चालान किया एवं 5 वाहन जब्त किए। उधर, पुलिस कार्रवाई के बाद ऐसे वाहन चालकों में दहशत है। बुधवार को दिनभर ऐसे चालक नेशनल हाइवे की बजाय गलियों एवं मोहल्लों से वाहन लेकर आवाजाही करते देखे गए।
कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में काफी समय से पुलिस अनदेखी के चलते बिना रजिस्ट्रेशन नंबर एवं नंबर प्लेटों पर स्लोगन लिखने वाले वाहन सड़कों पर बेरोकटोक सरपट दौड़ रहे थे। ऐसे में वाहन चोरी के होने एवं दुर्घटना के बाद वाहनों का पता नहीं चल पाता था। भास्कर में खबर छपने के बाद कोटपूतली के एएसपी पुष्पेंद्रसिंह राठौड़ एवं डीएसपी प्यारे सिंह ने थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस को ऐसे वाहनों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
एएसआई पूरणमल जोशी एवं यातायात प्रभारी अखेसिंह की अगुवाई में अलग अलग टीमों ने अलवर तिराहा, जयपुर तिराहा एवं बस स्टैंड पर बुधवार को कार्रवाई कर बिना नंबर लिखे एवं नंबर प्लेट पर स्लोगन पाए गए 18 वाहनों का चालान किया एवं 5 वाहन जब्त किए। शहर के कई लोगों ने भास्कर की खबर को जनहित की बताते हुए सराहना की और कहा, इससे प्रशासन सचेत रहता है।
शाहपुरा . बिनानंबर एवं स्लोगन लिखे वाहनोें के खिलाफ कार्रवाई करते पुलिस जवान।