पढ़ाई यहां परीक्षा दूसरे स्थान पर
शाहपुरा| शहरके बाबा गंगादास राजकीय महिला महाविद्यालय की एमए की नियमित छात्राओं ने बुधवार को प्राचार्य डॉ. अनामिका सिंह को उच्च शिक्षामंत्री के नाम ज्ञापन देकर कालेज में परीक्षा केंद्र खुलवाने की मांग की। छात्रसंघ महासचिव अंजू शर्मा, गायत्री जाणिया, पूजा सैनी, पूनम सैनी, ज्योति शर्मा, सीमा, ममता आदि छात्राओं ने बताया कि महाविद्यालय में बड़ी संख्या में छात्राएं एमए की नियमित शिक्षा ग्रहण कर रही है, लेकिन यहां परीक्षा केंद्र नहीं होने से छात्राओं को अन्य महाविद्यालय में जाकर परीक्षा देनी पड़ती है। इसके अलावा बीएससी की स्वयंपाठी छात्राओं के फार्म तो यहां जमा किए जाते है, लेकिन परीक्षा देने के लिए कोटपूतली जाना पड़ता है। प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए जयपुर महारानी कॉलेज में जाना पड़ता है। ग्रामीण परिवेश की छात्राओं के सामने अन्यत्र स्थान पर परीक्षा देने जाने में खासी परेशानी आती है। कई बार तो समय पर केंद्र पर नहीं पहुंच पाने से परीक्षा से वंचित तक रह जाती है। प्राचार्य ने छात्राओं को उनकी मांग को उच्च शिक्षामंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।