सरूंड विद्यालय के सामने ब्रेकर की गुहार
नारेहड़ा| ग्रामसरूंड के राजकीय माध्यमिक विद्यालय के सामने से कोटपूतली नीमकाथाना स्टेट हाइवे गुजरता है रोड गेट की दूरी महज एक मीटर है। ऐसे में स्कूल में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं को हर समय हादसे का डर सताता रहता है। प्रधानाध्यापक अशोक कुमार डूमोलिया ने बताया कि स्कूल के गेट के सामने से रोज हजारों की संख्या में तेजगति से भारी वाहन गुजरते हैं। बच्चों की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए हमने पंचायत प्रशासन के मार्फत प्रशासन से स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की। विद्यालय में अध्ययन कर रहे करीब 300 विद्यार्थियों को रोज स्कूल आते जाते वक्त हादसे का डर सताता रहता है। अगर स्कूल के गेट के सामने स्पीड ब्रेकर बन जाता है तो हादसे की संभावना काफी हद तक कम हो सकेगी। समाजसेवी रामनारायण विजयवर्गीय, पूरणमल जांगिड़, रामनिवास सैनी सहित अनेक लोगों ने बताया कि स्कूल के गेट के सामने स्पीड ब्रेकर की सख्त आवश्यकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है। सरपंच मुन्नीदेवी विजयवर्गीय सचिव महेन्द्र कुमार दर्जी का कहना है कि यह सही है कि स्कूल के सामने स्पीड ब्रेकर बनना अति आवश्यक है इसको लेकर हमने ग्राम पंचायत की बैठक में स्पीड ब्रेकर बनवाने का प्रस्ताव भी लिया है।