कुचामन। शहर के एक व्यापारी का अपहरण करने ओर जान से मारने की नीयत से आठ दस युवकों उसकी दुकान पर लाठी और सरियों से हमला कर दिया। गुस्साए लोगों ने आरोपियों पर ही धावा बोल दिया और सभी मौके से जान बचाकर भागने लगे।
एक जने को भीड़ ने मौके पर ही पकड़ कर पीट दिया। पुलिस ने उसे राजकीय अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। लोगों में भय का माहौल है। कुचामन क्षेत्र में गत कुछ माह से लगातार गोलीबारी, जानलेवा हमलों के मामले सामने रहे हैं, लेकिन पुलिस द्वारा आरोपियों पर सख्ती नहीं बरती जा रही।
जानकारी के अनुसार शहर के शाहजी का बगीचा में स्थित नारायण ड्रीम बिल्डर्स एंड डवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड पर नारायण अग्रवाल और दो तीन अन्य लोग बैठे थे, कि शाम करीब सवा सात बजे सात आठ युवक एक बिना नंबर की पल्सर गाड़ी और कैम्पर में सवार होकर आए और आते ही युवकों ने दुकानें मे बैठे नारायण अग्रवाल पर हमला बोल दिया और दुकान मे तोड़ फोड़ शुरू कर दी।
व्यापारी ने पहले भी कराया था मुकदमा
व्यापारी नारायण अग्रवाल ने तीन फरवरी को कुछ युवकों के खिलाफ फिरौती मांगने और पैसे नहीं देने पर अपहरण करने की धमकी देने का नामजद मामला दर्ज कराया था। अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को भी कुछ युवकों ने उसकी दुकान पर आकर धमकी दी जिसकी रिपोर्ट उसने थाने मे दी। दो बार रिपोर्ट दिए जाने के बावजूद पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई।
लोगों ने दिखाया साहस
स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए एकजुट होकर हमलावरों पर हमला बोल दिया। सभी युवक वहां से भाग छूटे लोगों द्वारा पीछा करने पर एक हमलावर युवक देपुर निवासी हरेन्द्र पुत्र नारायणराम जाट मारोठ पकड़ में गया। लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। सूचना पर पंहुची पुलिस ने घायल हरेन्द्र का राजकीय अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया। हमलावर अपनी बिना नंबरी पल्सर गाड़ी भी मौके पर छोड़कर भाग गए। आक्रोशित भीड़ ने उसे भी तोड़ दिया।
कुचामन सिटी. हमलावरों ने दुकान में की तोड़ फोड़।