कुचामन सिटी
पंचायत समिति के चुनावों में भाजपा ने लगातार दूसरी बार बाजी मारते हुए प्रधान पद पर अपना कब्जा कर लिया है। कैलाश मेघवाल पांच मतों के अंतर से जीतकर कुचामन के प्रधान बने। शनिवार सुबह से ही प्रधान के चुनावों को लेकर खासा गहमा गहमी थी। नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा की ओर से कैलाश मेघवाल ने और कांग्रेस की ओर से श्रवण लाल ने पर्चा भरा। जांच मे दोनों के नामांकन फॉर्म सही पाए जाने के बाद चुनाव होना तय हो गया था, लेकिन भाजपा की मजबूत बाड़ाबंदी के चलते भाजपा की जीत तय मानी जा रही थी। करीब तीन बजकर दस मिनट पर छह गाड़ियों मे सवार होकर भाजपा के सभी 16 पंचायत समिति सदस्य पंचायत समिति पहुंचे और सभी ने एक साथ मतदान किया। इसके बाद सभी प्रत्याशियों को फिर गाड़ियों में डालकर भाजपा के शिविर में ले जाया गया। करीब 3.50 बजे कांग्रेस के दस पंस सदस्य और एक निर्दलीय पंस सदस्य पंचायत समिति पहुंच सभी ने एक साथ मतदान किया। सभी सदस्यों के मतदान हो जाने के बाद एसडीएम ने दोनों प्रधान पद के उम्मीदवारों के समक्ष मतगणना की। मतगणना के बाद एसडीएम महेंद्र मीणा ने भाजपा प्रत्याशी कैलाश मेघवाल को 16-11 मतों के जीत के अंतर से विजयी घोषित किया।