सड़कों को दुरुस्त करने की मांग
मकराना. शहरके कालानाडा चौराहा से चावण्डिया गांव तक बनी डामरीकृत सड़क जगह जगह से टूट गई है। कृषि उपज मंडी कुचामन की ओर से बनाई गई सड़क फिलहाल गारंटी पीरियड में है जिसको दुरूस्त करवाने के लिए नागरिकों ने अनेक बार सरकार से मांग की है। पूर्व पंचायत समिति सदस्य रुघाराम कड़वा ने बताया कि यह सड़क वर्ष 2012 में बनी थी एवं अभी गारंटी पीरियड में है इसके चलते सड़क को ठेकेदार के माध्यम से ठीक से दुरूस्त करवाया जाए। कड़वा ने बताया कि मकराना के बोरावड़ रेलवे फाटक से जाखली की तरफ सीवरेज ठेकेदार ने सीमेंटेड रोड बनाने का काम शुरू किया था, परंतु काफी दिनों से काम को अधूरा छोड़ते हुए बंद कर दिया गया है। ऐसे में सड़क का काम पूरा नहीं होने के कारण वाहनों के टायरों से दिनभर धूल उड़ती रहती है। कड़वा ने कलेक्टर को पत्र के माध्यम से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।