डीडवाना में स्वाइन फ्लू से एक और मौत
डीडवानाक्षेत्र में स्वाइन फ्लू से एक और मौत हो गई। पिछले दिनों हुई चार मौतों के बाद एक और पॉजिटिव महिला की मौत से प्रशासन सकते में है। महिला ग्राम मावा की निवासी थी। उसकी एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसकी मौत के दो दिन बात उसकी जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
जानकारी के अनुसार तहसील के गांव मावा निवासी वहीदा बानो (26) की पिछले कई दिनों से तबीयत खराब थी। इसके चलते उसको गांव के ही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार के लिए लाया गया, लेकिन सुधार नहीं होने पर उसे सीकर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उपचार के दौरान ही दो दिन पूर्व उसने दम तोड़ दिया। मृत्यु से पूर्व की गई उसकी जांच रिपोर्ट अब आई है, जिसमें उसे स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने गांव के स्वास्थ्य केन्द्र को स्वाइन फ्लू से अवगत करवा दिया है। इसके बावजूद अब तक विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। विभाग ने रिपोर्ट मिलने के बावजूद इस गांव के लोगों और महिला के परिजनों को अपने हाल पर छोड़ दिया है।
उनके स्वास्थ्य की जांच की गई, बीमारी को रोकने के लिए कोई प्रभावी कदम उठाया जा रहा है। डीडवाना क्षेत्र में लगातार स्वाइन फ्लू पॉजिटिव रोगी सामने रहे हैं। जिले में पिछले 35 दिनों में यह आठवीं मौत है।
बोरावड़में सर्वे शुरू
स्वाइनफ्लू से एक मौत के बाद बोरावड़ क्षेत्र में चिकित्सा विभाग ने सर्वे शुरू किया। एक दिन में करीब 70 लोगों को टेमी फ्लू और 100 लोगों को सर्दी जुकाम की दवाई बांटी गई। उधर कुचामन में टेमी फ्लू का संकट बना हुआ है।