भास्कर न्यूज|बांसवाड़ा
भास्कर न्यूज|बांसवाड़ा
शहरमें 23 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छ भारत सप्ताह अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत शहर के कोने-कोने की सफाई करवाए जाने के साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। इसको लेकर नगर में वार्ड के आधार पर कार्यक्रम भी तय कर लिया गया है।
स्वच्छ भारत सप्ताह अभियान को लेकर कलेक्टर केबी गुप्ता ने गुरुवार को बांसवाड़ा नगर परिषद के आयुक्त और नगरपालिका कुशलगढ़ के अधिशासी अधिकारी को आवश्यक निर्देश प्रदान करने के साथ अभियान के बारे में जानकारी दी। अभियान के दौरान आवासों और रहवासीय क्षेत्रों में साफ-सफाई के लिए आमजन को जागरूक किया जाएगा। स्वच्छता का संदेश सार्वजनिक स्थानों, बाजारों में बोर्ड होर्डिंग के माध्यम से तथा गली-मोहल्लों, सोसाइटी में प्रभातफेरी निकालकर दिया जाएगा। आमजन को स्वच्छता के लिए जागरूक करने के साथ ही सार्वजनिक टॉयलेट, सामुदायिक शौचालयों की मरम्मत, रखरखाव साफ-सफाई की जाएगी। इसी प्रकार बस स्टैंड, सड़क, गली-मोहल्ले, पार्क, बाजार, सार्वजनिक क्षेत्र तथा रेल्वे स्टेशन आदि के आस-पास के क्षेत्र में साफ-सफाई कराई जाएगी। नदी तथा तालाबों की भी सफाई कराई जाएगी। अभियान के दौरान राजकीय भवनों, अस्पतालों, स्कूलों के शौचालय मूत्रालयों और परिसरों की सफाई कराई जाएगी। सार्वजनिक स्थानों से कचरा और मलवा हटाया जाएगा। उन्होंने राजकीय भवनों के गलियारों में एकत्रित फर्नीचर और रिकॉर्ड को हटाने भवनों की साफ-सफाई करवाने, कचरा, मलवा को रोड साइड में नहीं डालकर वेस्ट कलेक्शन पॉइंट पर एकत्रित करने को लेकर संदेश दिया जाएगा। अभियान के दौरान स्कूलों में भी स्वच्छता की महत्ता बताई जाएगी। मोहल्ला सभा करके आमजन को जागरूक किया जाएगा। व्यस्ततम बाजारों में रात्रि कालीन सफाई और कचरा उठाने की व्यवस्था और सुबह के समय सफाई की नियमित व्यवस्था करने को कहा। घर, दुकानों, प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंट ढाबों आदि के सामने कचरा नहीं फैलाने अनिवार्य रूप से कचरा-पात्र रखे जाने को पाबंद करने के भी निर्देश दिए।