- Hindi News
- तालाब में डूबे अधेड़ का शव दूसरे दिन भी नहीं मिला
तालाब में डूबे अधेड़ का शव दूसरे दिन भी नहीं मिला
कुशलगढ़| सोनारियाखेरदा गांव के तालाब के पास रहने वाला एक अधेड़ गुरुवार दोपहर को तालाब में डूब गया था। उसका शव शुक्रवार रात तक भी नहीं मिल पाया। थाना प्रभारी भंवरसिंह चूंडावत ने बताया कि मुंदड़ी पंचायत के सरपंच कल्लू भाई ने सूचना दी थी कि सोनारिया खेरदा के तालाब में पास में ही रहने वाला 55 साल का हड़िया डामोर डूब गया है। हड़िया अपने भाई लवजी को मिलने गया था, जो तालाब के दूसरे छोर पर रहता है। गुरुवार को जब वह भाई से मिलकर वापस लौट रहा था तब तालाब में डूब गया था।
छोटा रास्ता चुनना पड़ा भारी
जब हड़िया अपने भाई से मिलकर घर की ओर लौट रहा था तब उसने सोचा कि दो किमी पैदल चलकर घर जाऊंगा तो देर हो जाएगी। इसको लेकर उसने तालाब में तैरकर वापस जाने का निर्णय लिया। गुरुवार दोपहर 1.30 बजे वह तालाब में तैरकर अपने घर लौटने लगा। इस दौरान वह तालाब में डूब गया। यह तरीका हड़िया पहले भी आजमा चुका था। हड़िया को ढूंढने के लिए परिजनों ने काफी प्रयास किए पर कोई सुराग नहीं मिला। जिस पर गुरुवार शाम को परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी।