प्रभारीमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में ही सड़कों की बदहाली
भास्कर संवाददाता|चिड़ियावासा
प्रभारीमंत्रीजीतमल खांट के गढ़ी विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की हालत बहुत ही खराब है। राज्य में भाजपा सरकार के बने दो साल पूरे होने के बावजूद सड़कों की हालत में कोई सुधार नहीं किया गया। टूटी सड़कों के कारण रोज हादसे और दुर्घटनाएं होती रहती है। बदहाल सड़कों को लेकर क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने कई बाद क्षेत्रीय विधायक जिले के प्रभारीमंत्री जीतमल खांट को इस समस्या से अवगत कराया लेकिन इस अोर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पंचायत समिति तलवाड़ा की ग्राम पंचायत सुरपुर बड़लिया की 3 किमी सड़क पूरी तरह से टूटी हुई है। डामर सड़क से गिट्टी उखड़ गई है। सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। चिड़ियावासा ग्राम पंचायत के रुजिया तेजपुर की 3 किमी सड़क भी पूरी तरह से खस्ताहाल है। इस सड़क पर रोज दुपहिया वाहनचालक हादसे के शिकार होते हैं। बड़गांव पंचायत के सेमलिया से चिड़ियावासा 3 किमी, तलवाड़ा मार्ग की चिड़ियावासा से देवलिया तक की 6 किमी सड़क भी बदहाल हो गई है। आसन से तोरना वाया राठड़ियापाड़ा तक की 7 किमी सड़क पर वाहन चलाना और राहगीरों को आने जाने में कई परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुरपुर के मांगीलाल यादव, हीरालाल रेबारी, सूरजमल मकवाना, सेमलिया के सुरेश पंड्या, राजेंद्र पंड्या, लक्ष्मीनारायण उपाध्याय, रुजिया से दिनेश चरपोटा, हरीश डिंडोर, दीपक डोडियार, चिड़ियावासा से उपसरपंच राधेश्याम पंड्या, तोरना के केशवलाल पाटीदार ने बताया कि इन सभी सड़कों को बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। समय रहते इन सड़कों को नहीं बनाया गया तो आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ेगा।
घाटा क्षेत्र/कुशलगढ़| उपखंड की ग्राम पंचायत उंकाला में खेटाबारी से उंकाला तक 6 किलोमीटर तथा उंकाला से रसोडी के मार्ग पर मध्यप्रदेश की सीमा के थेथम से होकर हिरनगर तक की सड़क करीब 6 साल पहले बनी थी। सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से बनाई गई इस सड़क पर निर्माण के बाद से लेकर आज तक एक बार भी पेचवर्क नहीं किया गया। इससे सड़क धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त होकर अब पूरी तरह गड्ढों में बदल चुकी है। इसके बावजूद विभाग ने इन सड़कों की सुध नहीं ली है। इसके चलते दोनों पंचायतों को जोड़ने वाली 10 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर वाहन चलाना अब खतरे से खाली नहीं है। खासतौर पर दुपहिया वाहन चालक तो इस सड़क से गुजरते समय आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाओं का शिकार होते रहते हैं।
चिड़ियावासा. सुरपुर बड़लिया मार्ग पर खस्ताहाल सड़क।
चिड़ियावासा. आसन -तोरना- वाया राठडिया मार्ग जो पूरी तरह से खस्ताहाल।
चिड़ियावासा से सेमलिया तक की टूटी सड़क जिस पर आए दिन दुर्घटनाएं होती है।