- Hindi News
- आपराधिक घटनाओं के विरोध में लाडनूं दूसरे दिन भी रहा बंद
आपराधिक घटनाओं के विरोध में लाडनूं दूसरे दिन भी रहा बंद
एक माह से शहर में लगातार हो रही मारपीट, लूट छेड़छाड़ की घटनाओं के विरोध में व्यापार मंडल के आह्वान पर लगातार दूसरे दिन भी बाजार बंद रहे। बंद के कारण पूरे शहर में कोई भी दुकान खुली नहीं रही। सब्जी, दूध, चाय की दुकानें भी बंद रहने से लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। दिन भर पुलिस की गश्त जारी रही। इधर पुलिस ने दिन भर आरोपियों की धर-पकड़ करने की कोशिशें जारी रखी। पुलिस ने पूछताछ के लिये कुछ लोगों थाने बुलाया। शाम तक उनमें से किसी की गिरफ्तारी की सूचना पुलिस द्वारा नहीं दी गई। शहर में बढ़ते अपराधों की वजह से शहर के समस्त जातियों के लोगों ने सर्व समाज के नाम से एक बैठक शुक्रवार रात्रि में यहां मालियों के बास स्थित सैनी अतिथि भवन में रखी। इसमें सर्वसम्मति से लाडनूं बंद को समर्थन देने तथा आरोपियों को पकड़ने वारदातों को रोक कर शांति बहाल करने के लिये विधायक एसडीएम को ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया। रात्रि में पहली पट्टी स्थित युवक परिषद भवन में बैठक कर पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों से बाजार बंद की घोषणा को वापस लेने पर जोर दिया, लेकिन वार्ता विफल रही। बैठक में एसडीएम मुरारीलाल शर्मा, डीएसपी अर्जुन राम, विधायक मनोहर सिंह के अलावा लाडनूं चैम्बर ऑफ कामर्स के पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद थे।
शेषपेज 13 पर