पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कॅरिअर निर्माण के साथ संस्कारपरक शिक्षा जरूरी प्रो. धर

कॅरिअर निर्माण के साथ संस्कारपरक शिक्षा जरूरी - प्रो. धर

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लाडनूं। जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय के तत्वावधान में संचालित कॅरिअर निर्माण माह का समापन समारोह शनिवार को सुरजकुमारी गाडोदिया आदर्श विद्या मन्दिर प्रांगण सुजानगढ़ में समारोह पूर्वक हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अनिलधर ने कहा कि कॅरिअर निर्माण के साथ संस्कारपरक शिक्षा का होना बेहद जरूरी है। प्रो. धर ने कॅरिअर निर्माण माह को सुजला अंचल के विद्यार्थियों के लिए विशिष्ट उपक्रम बताया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में मूल्यों से प्रेरित शिक्षा से ही व्यक्ति का निर्माण संभव है। जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय द्वारा दी जा रही शिक्षा को मानव निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने कॅरिअर के प्रति अभी से ही जागरूक रहकर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। धर ने विद्यार्थियों को कॅरिअर निर्माण के सूत्र भी बताए।

प्रो. धर ने कहा कि बारहवीं के बाद विद्यार्थी अपनी रूचि को ध्यान में रखते कॅरिअर निर्माण के प्रति सजग हो सकता है। जीवन निर्माण की शिक्षा का महत्वपूर्ण योगदान है, जीवन निर्माण की शिक्षा से व्यक्तित्व निर्माण के साथ कॅरिअर का निर्माण सुगमता से किया जा सकता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगरपरिषद के सभापति डॉ. विजयराज शर्मा ने कहा कि कॅरिअर निर्माण की दिशा में विद्यार्थियों को सजग रहने का आह्वान करते हुए कहा कि लक्ष्य का निर्धारण अवश्य करें। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा के साथ संस्कारों का होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ व्यक्ति में नैतिक मूल्यों का विकास भी जरूरी है।

विशिष्ट अतिथि साहित्यकार घनश्यामनाथ कच्छावा ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से अंचल के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी को निरंतर अभ्यास के साथ प्रयास जारी रखना चाहिए, यही कॅरिअर निर्माण का महत्वपूर्ण सूत्र है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद सांवरमल भोजक, संगीत साधना संस्थान के सचिव मुकेश रावतानी आदि ने भी विचार व्यक्त किए। इससे पूर्व सुजानगढ़ की ओर से सभापति डॉ. विजयराज शर्मा द्वारा कुलसचिव प्रो. अनिलधर को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क समन्वयक एवं कॅरिअर निर्माण माह के संयोजक डॉ. वीरेंद्र भाटी मंगल ने कॅरिअर निर्माण माह का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय की कुलपति समणी चारित्रप्रज्ञा के निर्देशन में संचालित इस कॅरिअर निर्माण माह के दौरान अंचल के 56 विद्यालयों के करीब 35 हजार विद्यार्थियों एवं एक हजार से अधिक शिक्षकों को विश्वविद्यालय की टीम द्वारा कॅरिअर निर्माण के बारे में व्यापक जानकारी दी गई। अतिथियों का स्वागत प्रवीण शर्मा, दीपा टेलर, सिद्धार्थ लाटा, अमित जैन आदि द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का संयोजन डॉ. वीरेंद्र भाटी मंगल ने एवं आभार ज्ञापन विद्या मन्दिर के प्राचार्य जितेंद्र सिंह भदौरिया ने किया। इस अवसर पर आदर्श विद्या मन्दिर के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

लाडनूं. जैनविश्व भारती विश्वविद्यालय के कॅरिअर निर्माण सप्ताह के समापन पर बोलते हुए कुलसचिव प्रो. अनिल धर एवं उपस्थित विद्यार्थी।