- Hindi News
- हमने कम मतों से पिछड़ कर भूल सुधार ली : बुरड़क
हमने कम मतों से पिछड़ कर भूल सुधार ली : बुरड़क
प्रधान पद पर जीत के बाद स्वागत सभा
लाडनूं| पूर्वकृषि मंत्री हरजीराम बुरड़क के पुत्र एवं पूर्व प्रधान जगन्नाथ बुरड़क ने लाडनूं पंचायत समिति में प्रधान पद पर भाजपा छोड़ कर आए प्रतापसिंह कोयल की पुत्रवधू की जीत के बाद अपने निवास पर एक सभा का आयोजन किया। इस सभा में बोलते हुए कहा कि हमने संघर्ष किया था और बहुत कम मतों से हम पीछे रह गये थे, लेकिन उस भूल को अब हमने सुधार लिया है। हमारे पास आज भाजपा के खेमे से लोग गये हैं।
सुबह का भूला शाम को घर जाये तो भूला नहीं कहते। प्रताप सिंह पहले भी हमारे साथ रहे थे और फिर से हमारे साथ हैं। हम बिना भेदभाव के समूचे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के काम करवाएंगे। मीठड़ी से पंचायत समिति सदस्य के रूप में जीते भगवानीराम बाजारी ने कहा कि प्रताप सिंह के हम पहले भी साथ रह चुके हैं तथा हम अब फिर से साथ रहकर अच्छी तरह से काम कर पायेंगे। पूर्व जिला परिषद सदस्य खींवाराम घिंटाला ने भी प्रताप सिंह का स्वागत किया। शंकर आकाश ने कहा कि भाजपा के पास नेतृत्व की कमी के कारण सब बिखर गए लेकिन यहां सभी एक ही नेतृत्व में चलते हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता चतरा राम चाहर ने प्रधान पद पर जीतने पर पुष्पा कंवर के श्वसुर प्रताप सिंह को अपना आशीर्वाद प्रदान किया। प्रताप सिंह ने उन्हें हमेशा साथ निभाने का भरोसा दिलाया तथा विकास के कामों में कोई भेदभाव नहीं बरतने का विश्वास दिलाया। सभा में जीवण गुर्जर, छोगाराम घोटिया, रामनिवास पटेल, विजय कुमार भोजक, शकूर खां मोयल, अयूब खां, ओमदास स्वामी आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जन प्रतिनिधि मौजूद थे।
लाडनूं में प्रधान पद पर जीत के बाद स्वागत में आयोजित सभा में बोलते हुए जगन्नाथ बुरड़क उपस्थित लोग।