- Hindi News
- लाडनूं के जंगल में दो शव मिले, एक की हत्या का संदेह
लाडनूं के जंगल में दो शव मिले, एक की हत्या का संदेह
जंगलमें दो लाशें मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पहला शव लाडनूं से सुजानगढ़ जाने वाले मेगा हाईवे के पास पाबोलाव ताल के पास एक खेत में एक पड़ा मिला। जबकि दूसरा टोकी-चंद्राई के पास रोही में मिला।
दोनों की शिनाख्त की जा चुकी है। इनमें से एक शव पर मिले चोट के निशानों के चलते हत्या की आशंका है। जबकि दूसरे ने दवा या नशे के ओवरडोज लेने से दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामलों की जांच में जुट गई है।
मेगा हाईवे के पास मिले शव की कमर मुंह पर चोटों के निशान थे। शव की शिनाख्त सुजानगढ़ में गैनाणी मोहल्ला में पुलिया के पास रहने वाले दानिश (28) पुत्र मोहम्मद शफी छीपा के रूप में की गई। मृतक के पिता मोहम्मद शफी एवं परिजन असलम मौलानी ने बताया कि दानिश लाडनूं के रोडू में दुकान करता है। वह अपने पिता के साथ दुकान गया था, जहां से मोबाइल मरम्मत का कह कर गया था, इसके बाद उसका पता नहीं चला। उसका मोबाइल भी बंद रहा था। सुबह जानकारी मिलने पर वे घटनास्थल पर आए तो उन्हें शव मिला। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान होने के कारण उसे हत्या का मामला माना जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या किसी अन्य स्थान पर करके शव को यहां लाकर डाला गया था। शव पर लाठी की चोटें होना प्रतीत हो रही हैं।
लंबे समय से बीमार चल रहा था
दूसराशव ग्राम टोकी-चंद्राई के पास मिला। इस शव की पहचान रमेश (43) पुत्र नारायण रैगर निवासी टोकी-चंद्राई के रूप में की गई। मृतक के भाई रामूराम पुत्र नारायण रैगर ने पुलिस को बताया कि मृतक काफी समय से बीमार चल रहा था। संभावना है कि उसने दवा की ओवरडोज ले ली या कोई नशे की दवा ज्यादा मात्रा में सेवन कर ली। इस कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम राजकीय चिकित्सालय में कराया तथा परिजनों को सौंप दिए। मामलों की जांच की जा रही है।