दौसा | पटेल नगर में प्लाट के विवाद को लेकर शनिवार को कुछ लोगों ने दंपती के साथ मारपीट की। इससे दोनों घायल हो गए। इस संबंध में सीमा देवी गुप्ता ने अरूण कुमार जैमन सहित अन्य के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीमा देवी गुप्ता ने बताया कि उसका कॉलोनी में प्लाट है। शनिवार को प्लाट में निर्माण शुरू किया था।
इस दौरान अरूण कुमार जैमन पांच-सात लोगों को लेकर घर आया तथा उसके पति रामावतार गुप्ता के साथ मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
लूट के मामले में एक गिरफ्तार
दौसा | नांगलचांपा के समीप दो जनों को बंधक बनाकर टैंपो लूटने के मामले में सदर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी मुनींद्र सिंह ने बताया कि लूट के मामले में रतीराम मीणा निवासी पापड़दा को गिरफ्तार कर टैंपो बरामद कर लिया। आरोपी 19 सितंबर की रात को डीजे साउंड सिस्टम टैंपो लूट ले गए थे। आरोपी ने फोन पर सैंथल से डीजे साउंड सिस्टम बुक कर बुला लिया। बाद में नांगल चांपा के समीप टैंपो लूट ले गए थे। इस मामले में पीड़ित सरदार बैरवा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सात सचिवों को नोटिस
महवा | नरेगा भामाशाह योजनाओं की क्रियान्विति को लेकर पंचायत समिति सभागार में विकास अधिकारी जगराम मीणा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में उपस्थित नहीं होने वाले 6 बाबू 7 सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
आत्मसाक्षात्कार दिवस मनाया
दौसा | योगवेदांत समिति द्वारा आत्म साक्षात्कार दिवस पर भक्तों ने संकीर्तन यात्रा का आयोजन किया।
सोमनाथ मंदिर से प्रारंभ होकर आगरा रोड, गांधी सर्किल, नया कटला, मानगंज, मंडी रोड होते हुए यात्रा विजयवर्गीय लोन में पहुंची, जहां पर आत्म साक्षात्कार दिवस मनाया गया।
अग्रवाल समाज की कार्यकारिणी का गठन
लालसोट | उपखंडमुख्यालय पर अग्रवाल समाज की कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें संरक्षक मदन लाल गर्ग, रामप्रसाद गर्ग, कैलाश चंद ऐरण, अध्यक्ष जगदीश प्रसाद बंसल बेराडा वाले, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद गोयल, मंत्री राजेंद्र प्रसाद गर्ग, सहमंत्री मुन्ना लाल गोयल , कोषाध्यक्ष बनवारी लाल मंगल, सह कोषाध्यक्ष गिर्राज अग्रवाल, सचिव गिर्राज प्रसाद बरनाला वाले, गोविंद मंगल भेडोली, प्रचार प्रसार मंत्री मुरारी लाल मंगल, प्रवक्ता धर्मचंद गुप्ता, को बनाया गया।