मंडावर. यहां सोमवार को क्रय-विक्रय सहकारी समिति में जैसे ही यूरिया खाद आया तो किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बुलानी पड़ी। बाद में पुलिस को थाने में खाद की रसीद काटनी पड़ी और पुलिस निगरानी में खाद का वितरण किया गया।
इस दौरान महिलाओं की लंबी लाइन लग गई। कई बार धक्का मुक्की भी हुई। कई किसान खाद नहीं मिलने पर निराश लौट गए। इससे उनमें रोष है। जानकारी के अनुसार मंडावर क्रय-विक्रय सहकारी समिति में खाद मिलने की सूचना के साथ ही क्षेत्र के हजारों किसान खाद के लिए सहकारी समिति पहुंच गए।
हजारों की तादाद में किसान पहुंच जाने पर खाद वितरण की व्यवस्था चरमरा गई। इस दौरान किसान बेकाबू हो जाने के बाद पुलिस को थाने में खाद की रसीद काटनी पड़ी, जहां पुलिस थाने के सामने बड़ी संख्या में महिला किसान पहुंच गई।
इस दौरान करीब आधा किमी लंबी लाइन लगने से गांधी चौक पर जाम लग गया। खाद लेने के लिए किसानों में कई बार कहासुनी हो गई, जिसे पुलिस ने समझाइश कर शांत किया।
मंडावर क्रय-विक्रय सहकारी समिति के व्यवस्थापक रामचरण गुप्ता ने बताया कि सहकारी समितियों पर यूरिया भेजा गया है। मंडावर क्रय-विक्रय सहकारी समिति पर 12 हजार कट्टे वितरण के लिए रहे है। जिनमें से सांथा, समलेटी, हुड़ला, पावटा, खौचपुरी जीएसएस पर दो-दो ट्रक भेजे जा रहे हैं। इसी प्रकार गगवाना, रौत-हडिया, नौरंगवाड़ा, केसरा, जटवाड़ा, महवा, हल्दैना, पाटौली, रींदली, सिंदूकी जीएसएस पर एक-एक ट्रक भेजे जा चुके है।
दो घंटे में खत्म हो गया खाद
सिकराय| क्रय-विक्रय सहकारी समिति में रविवार शाम पुलिस की मौजूदगी में यूरिया का वितरण किया गया। दो घंटे में ही यूरिया खत्म होने के कारण आधे से अधिक किसानों को मायूस लौटना पड़ा। सुबह 10 बजे से क्रय विक्रय सहकारी समिति कार्यालय में यूरिया वितरण को लेकर तहसील क्षेत्र के किसानों की भीड़ उमड़ी।
भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस ने कतार में किसानों को खड़ा कर वितरण शुरू कराया। दो घंटे में ही यूरिया का स्टॉक खत्म होने से किसानों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत कराया। किसानों का कहना था कि काफी समय से यूरिया की किल्लत चल रही है।