दौसा| दौसा पंचायत समिति में प्रधान पद पर कांग्रेस के दीनदयाल बैरवा विजयी रहे। दीनदयाल बैरवा ने भाजपा के विक्रम बंशीवाल को 5 मतों से पराजित किया।
25 सदस्यों में से कांग्रेस के दीनदयाल बैरवा को 12, भाजपा के विक्रम बंशीवाल को 7 एवं निर्दलीय भाजपा के बागी रोहित बंशीवाल को 6 मत मिले। रिटर्निंग अधिकारी संतोष गोयल ने दीनदयाल बैरवा को प्रधान निर्वाचित घोषित किया। इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी ने नवनिर्वाचित प्रधान दीनदयाल बैरवा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इससे पूर्व सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए गए। दोपहर दोपहर 3 बजे मतदान शुरू हुआ।
कारों में आए सदस्य : पंचायतसमिति सदस्य मतदान के लिए कारों से आए। सबसे पहले भाजपा प्रत्याशी विक्रम बंशीवाल सहित सात सदस्य एक साथ मतदान करने पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी दीनदयाल बैरवा सहित 12 सदस्य साथ आए। निर्दलीय प्रत्याशी रोहित बंशीवाल सहित 6 सदस्य आए। शाम चार बजे तक मतदान पूरा हो गया। इसके बाद मतगणना हुई।
चुनाव के दौरान रही कड़ी सुरक्षा : चुनाव के दौरान शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। पंचायत समिति रोड पर बेरीकेडिंग कर दोनों ओर पुलिस का भारी जाब्ता तैनात रहा। गलियों के रास्ते भी बेरीकेडिंग की गई। मतदान के दौरान पंचायत समिति में केवल सदस्यों को ही प्रवेश दिया गया। इस दौरान डीएसपी राजेंद्र त्यागी, कोतवाल रामेश्वर लाल बगडिय़ा, सैंथल थानाधिकारी कृष्ण कुमार आदि मौजूद रहे।
खुशी से झूम उठे समर्थक : दीनदयाल बैरवा के प्रधान पद पर विजयी होते ही समर्थक खुशी से झूम उठे। दीनदयाल को बाहर आते ही लालसोट रोड पर खड़े समर्थकों ने कंधों पर बैठा लिया।
प्रधान ने कहा-बेहतर विकास करूंगा : नवनिर्वाचित प्रधान दीनदयाल बैरवा ने कहा कि पंस का पिछला कार्यकाल अच्छा रहा है। अब और बेहतर विकास करने का प्रयास करेंगे। किसानों के हित में कार्य करूंगा।