दौसा। नगर परिषद की साधारण सभा गुरुवार को सभापति राजकुमार जायसवाल की अध्यक्षता में हुई। शोर शराबे के बीच पार्षदों ने समस्याएं उठाई। इस दौरान हंगामे के बीच सर्व सम्मति से वर्ष 2015-16 का 57 करोड़ एक लाख 62 हजार का बजट पारित किया गया।
पार्षद वीरेंद्र कुमार शर्मा ने वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत नहीं होने पर नाराजगी जताई। पार्षद ने कहा कि लोग कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन एक साल से लोगों की पेंशन स्वीकृत नहीं हो रही। उन्होंने एसडीएम के खिलाफ निंदा प्रस्ताव रखा। बाबूलाल जैमन ने कहा कि शहर में करीब 40 फीसदी लोगों को राशन कार्ड नहीं मिले।
इंद्र कुमार मीणा के कहा कि शहर के विस्तार को देखते हुए वर्षों पूर्व डाली गई बिजली लाइनों को बाहर शिफ्ट किए जाने का मुद्दा उठाया। जितेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि अस्थाई कर्मचारियों को स्थाई करने के आदेश के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही।
महेंद्र आनंद ने सफाई व्यवस्था सही करने एवं रास्तों में हो रहे अतिक्रमण हटाने की मांग रखी। संतोष देवी ने कहा कि वार्ड में मंदिर के पास नाली नहीं होने से रास्ते में पानी जमा रहता है। वार्ड में स्वीकृत हुए कार्य शुरू किए जाएं। अरविंद सिंह गुर्जर ने रोड लाइटें सही कराने की मांग उठाई। बैठक में विधायक शंकर शर्मा, नगर परिषद के आयुक्त मोहनचंद बंसल, सुरेंद्र कुमार नागर, सुरेश चंद शर्मा आदि उपस्थित रहे।
सड़कें तोड़ी तो होगी एफआईआर
शहर में बिजली-पानी की लाइनें डालने के लिए बिना अनुमति सड़कें तोड़ने का मुद्दा उठा। इस पर बैठक में पार्षदों ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने मरम्मत की राशि वसूलने का निर्णय लिया।
बैठक में शहर में सड़क नालों के लिए 74 करोड़ रुपए की डीपीआर को स्वीकृति देकर राज्य सरकार को भिजवाने एवं सीवरेज लाइन के लिए डीपीआर बनाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान शहर में 35 वार्डों के निर्माण कार्यों के प्रस्ताव बनाकर विधायक को भेजने का भी निर्णय लिया। स्टेट ग्रांट की पेंडिंग पत्रावलियों कृषि भूमि रूपांतरण के पट्टे जारी करने का निर्णय लिया।
पानी की समस्या दूर होगी
विधायक शंकर लाल शर्मा ने कहा कि शहर में ईसरदा बांध से पानी लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई। इसमें अभी समय लगेगा। बनास नदी पर भी एनिकट प्रस्तावित है। गर्मी के मौसम को देखते हुए महेश्वरा बांध पर 2 कुएं आठ ट्यूबवैल का काम शुरू हो गया। इससे गर्मी में शहर के लोगों को अितरिक्त पानी मिल सकेगा। शहर में सीवरेज लाइन का दो सौ करोड़ का प्रोजेक्ट है।
विकास पर खर्च होंगे 39 करोड़
साधारणसभा में वर्ष 2015-16 के लिए 57 करोड़ 1 लाख 62 हजार रुपए का बजट पारित किया गया। इसमें 39 करोड़ 20 लाख रुपए के नए विकास कार्य होंगे। सफाई उपकरणों पर एक करोड़ फायर उपकरणों पर 10 लाख रुपए खर्च होंगे। सफाई पर ध्यान देने की बात पर जोर दिया गया।