पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • खाद के लिए भीड़ बेकाबू, पुलिस ने किया बल प्रयोग

खाद के लिए भीड़ बेकाबू, पुलिस ने किया बल प्रयोग

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मंडावर. दौसा | यूरिया के लिए मारामारी मची हुई है। क्रय-विक्रय सहकारी समिति में मंगलवार को 1340 कट्टे यूरिया के आए, लेकिन दोपहर तक बिक गए। यूरिया वितरण में अव्यवस्था के चलते कई जरूरतमंद किसान खाद लेने से वंचित रह गए।
किसानों का कहना था कि यूरिया के बिना फसल बर्बादी के कगार पर है। समिति में जरूरतमंदों को खाद नहीं मिल रहा, जबकि ब्लैक करने वाले कई कट्टे खरीदकर ले गए। खाद से वंचित किसानों ने समिति कार्यालय में विरोध भी जताया। किसानों ने कलेक्टर से वितरण में धांधली की शिकायत की। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को समिति में भेजकर व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए। एसडीएम संतोष कुमार गोयल ने कृषि अधिकारियों को दस्तावेज देखकर किसानों को खाद देने के निर्देश दिए।

लालसोट|यूरिया वितरणकी समस्या समाधान बैठक मंगलवार को एसडीएम रवि विजय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में यूरिया की कालाबाजारी रोकने एवं समान वितरण व्यवस्था के लिए परमिट से यूरिया देने के निर्देश दिए।

बाणे का बरखेड़ा में धक्का-मुक्की

दौसा (ग्रामीण) | बाणे का बरखेड़ा में यूरिया का ट्रक पहुंचते ही किसानों की भीड़ लग गई। कर्मचारियों ने कूपन देकर किसानों को लाइन से खाद वितरित किया। इस दौरान धक्का-मुक्की का माहौल रहा। बाद में सहकारी समिति अध्यक्ष रामसिंह कसाणा ने समझाइश की।

मंडावर. खाद के टोकन लेने आए किसानों की मंगलवार को थाने के सामने भीड़ उमड़ पड़ी। जल्दी टोकन लेने के चक्कर में भीड़ बेकाबू हो गई। इस पर प्रशासन को वितरण बंद करना पड़ा। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर किसानों को शांत किया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को दूसरे दिन भी खाद की किल्लत बनी रही। खाद के टोकन लेने के लिए सुबह से ही थाने के सामने किसानों की लंबी कतार लग गई। भीड़ अधिक होने पर कई बार स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
कई बार हुई धक्का-मुक्की से थाने के सामने व्यवस्था खराब हो गई। इसके बाद पुलिस ने थाने का गेट बंद कर दिया। वहीं क्रय-विक्रय सहकारी समिति के कर्मचारियों ने खाद का वितरण भी रोक दिया।