बिना पार्किंग जोन के ही चालान
शहरमें कहीं भी पार्किंग जोन घोषित नहीं है। इसके बावजूद यातायात पुलिस वाहनों का नो पार्किंग का चालान कर रही है। बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोग सड़क किनारे वाहन खड़ा करते हैं, लेकिन नो पार्किंग का चालान किया जाता है।
लोगों का कहना है कि बाजारों में पार्किंग जोन बनाए बिना ही चालान किए जा रहे हैं। लालसोट रोड पर गांधी तिराहे से पोस्ट ऑफिस तक व्यस्त बाजार है, जहां लोग खरीदारी के लिए आते हैं। यही समस्या आगरा रोड, जयपुर रोड, सैंथल मोड़, सोमनाथ चौराहा, गुप्तेश्वर दरवाजा, मंडी रोड पर भी है। जहां लोग खरीदारी के लिए जाते हैं, लेकिन वाहन खड़ा करने के लिए पार्किंग जोन नहीं है। यातायात सलाहकार समिति की बैठक में कलेक्टर ने कई बार पार्किंग जोन घोषित करने के निर्देश दिए, लेकिन परिवहन विभाग द्वारा निर्देशों की पालना नहीं की गई।
निजी वाहन सड़क पर खड़े होकर सवारी बैठाते हैं। रेलवे स्टेशन के सामने, ओवर ब्रिज, सैंथल मोड़, सोमनाथ चौराहा, लालसोट रोड पर पुरानी चुंगी के पास चालक सड़क पर वाहन रोककर सवारी बैठाते हैं। इससे कई बार यातायात बाधित होता है। रेलवे स्टेशन के सामने यह समस्या अधिक है। ओवर ब्रिज पर चढ़ते ही वाहन सवारियां लेते हैं।
टीआई शिव नारायण यादव का कहना है शहर में पार्किंग जोन नगर परिषद द्वारा घोषित किया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद को लिख रखा है। सड़क पर खड़े रहने वाले वाहनों का ही नो पार्किंग का चालान किया जाता है। नो एंट्री में आने पर भारी वाहनों आने पर चालान किया जाता है।
शहर में रुक नहीं रहा भारी वाहनों का प्रवेश
शहरमें दिन में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक के बावजूद भारी वाहन निकल रहे हैं। इससे व्यस्त बाजारों में हादसे की आशंका बनी हुई है। शहर में जगह-जगह यातायातकर्मी तैनात रहने के बावजूद थाने के सामने होकर भारी वाहन गुजर रहे हैं, लेकिन पुलिस भारी वाहनों को रोक नहीं पा रही है। कलेक्टर ने शहर में सुबह 6 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा रखी है, लेकिन आगरा रोड, लालसोट रोड जयपुर रोड से दिन में भी भारी वाहन गुजर रहे हैं। इससे शहर में यातायात का दबाव और बढ़ रहा है। नई मंडी रोड, सुंदरदास मार्ग, मानगंज, क्रय-विक्रय सहकारी समिति रोड आदि जगह पर भारी वाहन खड़े होकर दुकान गादामों में माल खाली करते हैं। शहर में रेलवे ओवर ब्रिज से भी दिन में भारी वाहन गुजरते हैं। इससे आए दिन यातायात बाधित रहता है।
जल्दलगाएंगे नो-पार्किंग के संकेतक बोर्ड
नगरपरिषद के आयुक्त मोहनचंद बंसल का कहना है कि शहर में नो-पार्किंग नो-एंट्री के संकेतक बोर्ड तैयार करा लिए हैं। यातायात निरीक्षक से बात कर जल्द बोर्ड लगाए जाएंगे।
दौसा. लालसोटरोड पर सड़क पर लगा वाहनों का जमावड़ा। पार्किंग स्थल नहीं हाेने से यहां रोज यही हालत रहती है।
दौसा. नगरपरिषद में कबाड़ में पड़े नो पार्किंग के बोर्ड।