पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • रिटायर हेड कांस्टेबल का 50 हजार से भरा बैग लूटा

रिटायर हेड कांस्टेबल का 50 हजार से भरा बैग लूटा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दौसा। आगरा रोड पर बस स्टैंड के समीप बाइक सवार बदमाश गुरुवार को दिन दहाड़े एक रिटायर हेड कांस्टेबल का 50 हजार रुपए से भरा बैग लूट ले गए। शहर में दिन दहाड़े चलती मोटर साइकिल से रकम लूटने की डेढ़ माह में यह दूसरी वारदात है। खान भांकरी रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी रिटायर हैड कांस्टेबल मान सिंह राजपूत दोपहर करीब एक बजे एसबीबीजे की मुख्य शाखा से 50 हजार रुपए निकालकर घर जा रहा था। बस स्टैंड के समीप पीछे से मोटर साइकिल पर जा रहे दो युवक झपट्टा मारकर थैला लूट ले गए।
इस दौरान मान सिंह मोटर साइकिल सहित गिर गया। उसने शोर मचाया तब तक बदमाश भाग गए। बैग में 50 हजार रुपए नकद, जीपीएफ की पासबुक, कागजात थे। वारदात का पता चलने पर लोग एकत्र हो गए। पीड़ित ने कोतवाली में सूचना दी। इस पर जिले में नाकेबंदी कराई। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा शहर में इधर-उधर तलाश किया, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। मान सिंह ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
व्यस्ततम मार्ग पर हुई वारदात : लूट की वारदात कोतवाली से मात्र 50 मीटर दूर पुराने रोडवेज बस स्टैंड के पास हुई, जहां पुलिस का जाब्ता तैनात रहता है। इसके बावजूद बदमाशों को नहीं पकड़ा जा सका। बदमाश आसानी से वारदात कर निकल भागे। पल्सर मोटर साइकिल पर सवार बदमाशों ने मुंह पर स्कार्फ लगा रखा था। मान सिंह के बैंक से रकम लेकर निकलने के बाद ही बदमाश पीछे लग गए और बस स्टैंड के समीप वारदात को अंजाम दे दिया।

थड़ी से सामान चोरी : सैंथल| थानाइलाके में पिचानवे की चौकी के समीप बुधवार रात चोर एक थड़ी का ताला तोड़कर सामान पार कर ले गए। मूलचंद सैनी ने बताया कि चोरी की वारदात का पता गुरुवार सुबह चला। चोरों ने थड़ी के ताले तोड़ दिए तथा थड़ी में रखा किराने का सामान प्रसाद चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तथा मौका मुआयना किया। चोरी की घटना पर लोगों ने रोष जताया।

पिछले माह हुई घटना का अभी तक नहीं हुआ खुलासा: शहर में दिन दहाड़े लूट की डेढ़ माह में यह दूसरी वारदात है। 7 अगस्त को रेलवे ओवर ब्रिज पर मोटर साइकिल सवार बदमाश दिन दहाड़े बांसखो के व्यापारी का 3 लाख 22 हजार रुपए से भरा बैग चलती मोटर साइकिल से लूट ले गए। इस संबंध में कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था, लेकिन पुलिस बदमाशों को नहीं पकड़ पाई। बस स्टैंड लालसोट रोड पर दो महिलाओं को भी चकमा देकर टाप्स कुंडल खुलवाकर ले जाने की दो वारदातें हो चुकी हैं। पूनम टाकी के सामने दुकान का ताला तोड़कर चोरी, इंद्रा कॉलोनी में दो मकानों तथा सैंथल रोड पर बजरंग नगर स्थित मकान से चोरी की वारदात का भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है।
बैंक से रकम लेकर घर जा रहा था, बसस्टैंड के समीप दिन दहाड़े मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम।

(रिटायर्ड पुलिसकर्मी।)