\"लूणकरणसर के गांवों में विकास\'
बीकानेर | लूणकरणसरविधानसभा के सदर क्षेत्र की 14 पंचायतों के देहात भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ताओं का सम्मेलन बुधवार को संस्कार भवन में आयोजित किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए बीकानेर देहात भाजपा महामंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि लूणकरणसर के 148 गांवों में से 46 गांवों के लिए 28 करोड़ की विभिन्न पेयजल योजना स्वीकृत करवाकर क्षेत्र की सर्वाधिक ज्वलंत समस्या का समाधान करवाया जा रहा है। लूणकरणसर की वर्तमान 43 ग्राम पंचायतों में से 23 ग्राम पंचायतों में अभी सरकार ने माध्यमिक विद्यालयों को उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत कर लूणकरणसर के ग्रामीण छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा में महाक्रांति लाई गई है। सुमित ने कहा कि सर्वोपरी देश की प्रथम जैतून रिफाइनरी लूणकरणसर में लगाकर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लूणकरणसर की ग्रामीण जनता के प्रति अपना स्नेह प्रकट किया है।
गोदारा ने कहा कि 13 दिसंबर को सरकार के गौरवमयी विकासशील एक वर्ष पूर्ण होने पर लूणकरणसर विधानसभा से सभी कार्यकर्ता जयपुर जाकर कार्यकर्ता सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाएंगे। सम्मेलन को पूर्व सरपंच बंबलू लाल नाथ सिद्ध, मूलाराम मांझू, जिला परिषद के पूर्व सदस्य रूपा राम गोयल, राजाराम ओझा, रामनाथ सिद्ध आदि ने भी विचार रखे। अध्यक्षता धर्माराम गोरछिलया ने की।
बैठक को संबोधित करते भाजपा देहात महामंत्री सुमित गोदारा।