- Hindi News
- एटीएम लूटने का प्रयास करने वाले गिरफ्तार
एटीएम लूटने का प्रयास करने वाले गिरफ्तार
बीकानेर. नयाशहरथाना पुलिस ने मुक्ताप्रसाद नगर में गार्ड को धमकाकर एटीएम लूटने का प्रयास करने वाले तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। एसएचओ दरजाराम ने बताया कि दो दिसंबर की रात को हरियाणा-पंजाब के हार्डकोर क्रिमिनल गुरमीत उर्फ गगनदीप, उमाकांत उर्फ उमाशंकर उर्फ रॉबिन, हरजोत उर्फ थरजोतसिंह संदीप उर्फ सोनू ब्राह्मण ने मुक्ताप्रसाद नगर में गार्ड को धमकाकर एसबीबीजे का एटीएम लूटने का प्रयास किया था। यहां से फरार होकर वे लूणकरणसर पहुंचे जहां पेट्रोलपंप लूटा और फरार हो गए। पुलिस ने पीछा किया तो महाजन में पुलिस और लुटेरों में मुठभेड़ हो गई थी। हरजोत उर्फ थरजोतसिंह ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी और शेष तीनों लुटेरों को महाजन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। अभियुक्तों को पहले महाजन, फिर लूणकरणसर पुलिस ने रिमांड पर लिया और बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कोर्ट से प्रॉडक्शन वारंट लेकर तीनों अभियुक्तों को एटीएम लूटने का प्रयास करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।