- Hindi News
- प्रधान ने राजनीति से प्रेरित होकर की थी अध्यापक की शिकायत
प्रधान ने राजनीति से प्रेरित होकर की थी अध्यापक की शिकायत
प्रशासनस्थापना स्थाई समिति की बैठक में कमालपुर अध्यापक के खिलाफ लिए गए प्रस्ताव के मामले की जांच मंगलवार को बीडीओ जगराम मीणा ने की। इस पूरे प्रकरण में प्रधान की राजनीति से प्रेरित होकर कमालपुर अध्यापक की झूठी शिकायत करने का मामला सामने आया। मामले में बीडीओ द्वारा की गई जांच की रिपोर्ट बीडीओ ने प्रारंभिक माध्यमिक शिक्षा निदेशक बीकानेर को भेज दी है।
शिक्षा निदेशक को भेजे गए पत्र में बीडीओ जगराम मीणा ने बताया कि उनके द्वारा उक्त प्रकरण की जांच की गई। इसमें रामावि कमालपुर के अध्यापक भजनलाल बैरवा को कमालपुर से नियमानुसार भामाशाह योजना के कार्यों को निपटाने में सहयोग के लिए एसडीएम कार्यालय में लगाया गया है। जिनकी पूर्व में भी शिक्षा संबंधी कोई अनियमितता सामने नहीं आई है। ग्रामीणों द्वारा जब प्रकरण संबंधी शिकायत की जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि उनके द्वारा अध्यापक की अनियमितता की कोई शिकायत नहीं की गई है। ऐसे में उक्त प्रकरण महवा प्रधान की राजनीति से प्रेरित होकर अध्यापक की झूठी शिकायत की गई है। गौरतलब है कि सोमवार को प्रशासन एवं स्थापना समिति की बैठक में अध्यापक भजनलाल के खिलाफ अनियमितता को लेकर शिक्षा निदेशक से शिकायत करने का निर्णय लिया था।